November 28, 2026

घर में घुसकर मोबाइल झपटा, फर्जी UPI बनाकर खाते से निकाले लाखों रुपये, सकरी पुलिस ने तीन आरोपियों को पकड़ा

0
IMG-20261127-WA1330

48 घंटे के भीतर मामले का खुलासा, मोबाइल, टूटा सिम और ट्रांजेक्शन की पूरी रकम बरामद; तीनों आरोपी न्यायिक रिमांड पर जेल भेजे गए

बिलासपुर। सकरी थाना क्षेत्र में घर के अंदर घुसकर मोबाइल झपटने और उसके सिम का इस्तेमाल कर फर्जी UPI कोड के जरिए खाते से रकम निकालने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से झपटमारी किया गया मोबाइल, टूटा हुआ सिम और ट्रांजेक्शन की पूरी रकम बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार, 25 नवंबर 2026 को प्रार्थिया ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि रात करीब 12 बजे उसका देवर ऋतिक यादव कमरे में मोबाइल देख रहा था। इसी दौरान अज्ञात व्यक्ति घर में घुसकर उसका मोबाइल झपटकर ले गए। आरोपियों ने मोबाइल में लगे सिम को दूसरे मोबाइल में डालकर फर्जी UPI कोड तैयार किया और खाते से रकम निकाल ली।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक परमेश्वर तिलकवार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक संजय सिंदे के नेतृत्व में टीम गठित की गई।

जांच के दौरान गनियारी निवासी विक्की वर्मा पर संदेह हुआ। पूछताछ में उसने अपने साथी बलराम वर्मा और संदीप वर्मा के साथ मिलकर वारदात करना स्वीकार किया। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों में बलराम वर्मा (23), विक्की वर्मा (34) और संदीप वर्मा (32), सभी निवासी गनियारी शामिल हैं। कार्रवाई में सकरी पुलिस की टीम की सराहनीय भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed