दीपावली और छठ पर्व पर यात्रियों की सुरक्षा के लिए रेलवे अलर्ट, प्रमुख स्टेशनों पर 24 घंटे निगरानी
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने किए व्यापक इंतजाम, भीड़ प्रबंधन के लिए अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती, विशेष पूजा स्पेशल ट्रेनों का भी हो रहा संचालन
बिलासपुर। दीपावली एवं छठ पर्व के दौरान यात्रियों की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने सुरक्षित और सुगम रेल यात्रा के लिए व्यापक तैयारियां की हैं। प्रमुख रेलवे स्टेशनों से लेकर यात्री ट्रेनों तक सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और यात्री सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। रेलवे प्रशासन ने अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती के साथ 24 घंटे निगरानी और यात्रियों की शिकायतों के त्वरित निराकरण की व्यवस्था की है।
रेलवे प्रशासन के अनुसार, त्योहारों के दौरान प्रमुख स्टेशनों पर यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने और सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने के लिए अतिरिक्त स्टाफ तैनात किया गया है। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और वाणिज्य विभाग की संयुक्त टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं। फ्रंटलाइन कर्मचारी 24 घंटे ड्यूटी पर रहकर यात्रियों की सहायता और व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने में जुटे हैं।
डिजिटल वार रूम से 24 घंटे निगरानी
यात्रियों की सुविधा और रेल परिचालन पर नजर रखने के लिए रेलवे मुख्यालय में डिजिटल वार रूम स्थापित किया गया है। यहां से ट्रेनों के परिचालन और प्रमुख स्टेशनों पर भीड़ की स्थिति की रियल टाइम मॉनिटरिंग की जा रही है। यात्रियों की शिकायतों और समस्याओं पर तत्काल संज्ञान लेकर उनका शीघ्र निराकरण करने की व्यवस्था भी की गई है।
उद्घोषणा और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान
स्टेशनों पर ट्रेनों के आगमन, प्रस्थान और अन्य जरूरी जानकारियां उपलब्ध कराने के लिए सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली और डिजिटल डिस्प्ले का उपयोग किया जा रहा है। आरपीएफ एवं सिविल डिफेंस की टीमें लाउड हेलर और सीटी के माध्यम से यात्रियों को जागरूक कर रही हैं, ताकि प्लेटफॉर्म और स्टेशन परिसर में अनावश्यक भीड़ तथा अव्यवस्था की स्थिति न बने।
पेयजल, चिकित्सा और साफ-सफाई के इंतजाम
रेलवे ने प्रमुख स्टेशनों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल और साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए चिकित्सा दल भी तैनात किए गए हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर यात्रियों को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
टिकटिंग के लिए अतिरिक्त काउंटर और डिजिटल सुविधा
त्योहारों के दौरान टिकट लेने में यात्रियों को परेशानी न हो, इसके लिए प्रमुख स्टेशनों पर अतिरिक्त टिकट काउंटर, हेल्प डेस्क और टिकट चेकिंग स्टाफ की व्यवस्था की गई है। ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन के साथ टिकट काउंटरों पर क्यूआर कोड से डिजिटल भुगतान की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इसके अलावा एम-यूटीएस और रेलवन एप के माध्यम से भी अनारक्षित टिकट प्राप्त किए जा सकते हैं।
चार प्रमुख मार्गों पर पूजा स्पेशल ट्रेनें
दीपावली और छठ पर्व पर अतिरिक्त यात्री मांग को देखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा विभिन्न प्रमुख शहरों के बीच विशेष पूजा स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। इनमें दुर्ग-बरौनी-दुर्ग, दुर्ग-हजरत निजामुद्दीन-दुर्ग, गोंदिया-पटना-गोंदिया और चर्लपल्ली-बरौनी-चर्लपल्ली मार्ग शामिल हैं।
रेलवे प्रशासन का कहना है कि त्योहारों के दौरान यात्रियों की संरक्षा, सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी संबंधित विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि यात्रियों को भीड़भाड़ के बीच भी सुरक्षित, सुविधाजनक और सुगम रेल यात्रा उपलब्ध कराई जा सके।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
