November 12, 2026

मुंगेली: मुख्यमंत्री के दौरे के आमंत्रण पत्र पर विवाद, विधायक पुन्नूलाल मोहले के पूर्व मंत्री पद का उल्लेख नहीं

0
IMG-20261112-WA0049

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के आमंत्रण पत्र में विधायक पुन्नूलाल मोहले की अनदेखी, पूर्व मंत्री के पदनाम का उल्लेख तक नहीं

मुंगेली। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित मुंगेली आगमन को लेकर जिला प्रशासन की तैयारियां जहां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं, वहीं प्रशासन द्वारा जारी किए गए आमंत्रण पत्र को लेकर एक नई चर्चा शुरू हो गई है। आमंत्रण पत्र में अतिथियों के नाम और पदनाम लिखने में बरती गई कथित असमानता अब सवालों के घेरे में है। खास बात यह है कि मुंगेली विधायक पुन्नूलाल मोहले के नाम के साथ उनके पूर्व मंत्री होने का उल्लेख तक नहीं किया गया है।

जारी आमंत्रण पत्र पर नजर डालें तो इसमें कई अतिथियों के नाम के साथ उनके वर्तमान पद के अलावा पूर्व में रहे महत्वपूर्ण पदों का भी उल्लेख किया गया है। यानी प्रशासन ने कुछ अतिथियों के राजनीतिक और प्रशासनिक सफर को भी स्थान देना उचित समझा। लेकिन मुंगेली विधानसभा क्षेत्र के विधायक पुन्नूलाल मोहले, जो पूर्व में प्रदेश सरकार में मंत्री का दायित्व भी संभाल चुके हैं, उनके नाम के आगे केवल विधायक लिखकर औपचारिकता पूरी कर दी गई है।

यहां सवाल केवल एक पदनाम छूटने का नहीं, बल्कि जिला प्रशासन की कार्यशैली और आमंत्रण पत्र तैयार करने में बरती गई गंभीरता का है। जब अन्य अतिथियों के वर्तमान और पूर्व पदों का उल्लेख किया जा सकता है, तो फिर मुंगेली के विधायक और पूर्व मंत्री के मामले में यह मापदंड क्यों बदल गया? क्या प्रशासन को उनके पूर्व मंत्री होने की जानकारी नहीं थी या फिर जानबूझकर इस महत्वपूर्ण पदनाम को नजरअंदाज किया गया?

मुख्यमंत्री के आगमन जैसे महत्वपूर्ण सरकारी कार्यक्रम में आमंत्रण पत्र प्रशासन की आधिकारिक कार्यशैली और सम्मान की परंपरा का परिचायक होता है। ऐसे में इस तरह की असमानता निश्चित रूप से कई सवाल खड़े करती है। अब देखना होगा कि जिला प्रशासन इस चूक को स्वीकार कर सुधार करता है या फिर इस मामले को नजरअंदाज कर दिया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed