November 12, 2026

मुख्यमंत्री के स्वागत की तैयारी में सरकारी नियमों की अनदेखी? बिना टेंडर करीबी को टेंट का काम देने की चर्चा, अधूरे निर्माण और बदहाल सड़कों पर उठे सवाल

0
IMG_20261111_192213

13 नवंबर को ग्राम कंतेली पहुंच सकते हैं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, रात-दिन हो रहा सड़क मरम्मत का काम, कार्यक्रम स्थल पर भी निर्माण अधूरा; आखिर पहले विकास क्यों नहीं हुआ?

मुंगेली। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के 13 नवंबर को मुंगेली जिले के ग्राम पंचायत कंतेली में प्रस्तावित आगमन को लेकर प्रशासनिक अमला और भाजपा संगठन तैयारियों में जुटा हुआ है। मुख्यमंत्री के स्वागत और कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए बैठकों का दौर चल रहा है। केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू एवं मुंगेली विधायक पुन्नूलाल मोहले की उपस्थिति में भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित कर कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर रणनीति भी बनाई गई है। लेकिन मुख्यमंत्री के आगमन से पहले जिस तेजी से प्रशासनिक स्तर पर काम कराया जा रहा है, उसने मुंगेली विधानसभा क्षेत्र के विकास और सरकारी कार्यप्रणाली को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या मुंगेली में विकास कार्यों की रफ्तार मुख्यमंत्री के आगमन तक ही सीमित रह गई है? जिन सड़कों की मरम्मत और मूलभूत सुविधाओं के लिए आम जनता लंबे समय से इंतजार कर रही थी, उन पर अब मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से ठीक पहले दिन-रात काम कराया जा रहा है। वहीं कार्यक्रम स्थल पर भी निर्माण एवं व्यवस्थाओं से जुड़े कुछ काम अधूरे बताए जा रहे हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि यदि ये काम पहले से जरूरी थे, तो समय रहते इन्हें पूरा क्यों नहीं कराया गया?

टेंट व्यवस्था को लेकर भी उठे सवाल, बिना टेंडर काम देने की चर्चा

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम की तैयारियों के बीच टेंट और अन्य व्यवस्थाओं से जुड़े काम को लेकर भी चर्चाएं सामने आ रही हैं। आरोप है कि कार्यक्रम के लिए टेंट लगाने का काम कथित तौर पर किसी करीबी व्यक्ति को बिना खुली टेंडर प्रक्रिया के सौंपा गया है। यदि ऐसा हुआ है तो यह जांच का विषय है कि संबंधित काम किस प्रक्रिया के तहत दिया गया, किस अधिकारी ने इसकी स्वीकृति दी और भुगतान के लिए क्या दरें निर्धारित की गई हैं?

सरकारी कार्यक्रमों में होने वाले खर्च में पारदर्शिता और नियमों का पालन जरूरी है। ऐसे में जिला प्रशासन को स्पष्ट करना चाहिए कि टेंट एवं अन्य व्यवस्थाओं के लिए टेंडर आमंत्रित किए गए थे या किसी अन्य वैधानिक प्रक्रिया के तहत कार्य आवंटित किया गया है। यदि नियमों को दरकिनार कर किसी को लाभ पहुंचाया गया है तो इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

मुख्यमंत्री के आने से पहले ही याद आई बदहाल सड़कों की सुध!

मुंगेली विधानसभा क्षेत्र में सड़क, नाली, पेयजल और आवागमन जैसी मूलभूत समस्याओं को लेकर नागरिकों की शिकायतें लगातार सामने आती रही हैं। कई स्थानों पर सड़क मरम्मत और अन्य विकास कार्यों की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही है। लेकिन अब मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए प्रशासनिक अमला रात हो या दिन, तेजी से सड़क मरम्मत और कार्यक्रम से संबंधित व्यवस्थाओं को पूरा करने में जुटा हुआ है।

जनता के मन में स्वाभाविक सवाल है कि क्या आम दिनों में भी प्रशासन इसी तत्परता से काम करता है? क्या सड़कों की मरम्मत के लिए मुख्यमंत्री के आगमन का इंतजार करना जरूरी था? यदि प्रशासनिक इच्छाशक्ति पहले से दिखाई जाती तो आम नागरिकों को बदहाल सड़कों और अधूरी सुविधाओं से जूझना नहीं पड़ता।

विधायक ही नहीं, भाजपा संगठन के पदाधिकारियों की भूमिका पर भी सवाल

मुख्यमंत्री के स्वागत की तैयारियों के बीच मुंगेली विधानसभा क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और भाजपा संगठन की जिम्मेदारी भी चर्चा में है। केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू, विधायक पुन्नूलाल मोहले, भाजपा जिला अध्यक्ष दीनानाथ केशरवानी, मुंगेली मंडल अध्यक्ष और भाजपा युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी कार्यक्रम को सफल बनाने में जुटे हैं।

लेकिन जनता का सवाल है कि संगठन के ये जिम्मेदार पदाधिकारी क्षेत्र की वास्तविक समस्याओं को लेकर कितनी गंभीरता दिखा रहे हैं? क्या सड़क, नाली, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी शिकायतें जनप्रतिनिधियों तक पहुंचाई जा रही हैं? यदि संगठन के पदाधिकारी गांव-गांव और वार्ड-वार्ड तक जनता के बीच सक्रिय हैं, तो फिर इन समस्याओं के समाधान के लिए अब तक ठोस पहल क्यों नजर नहीं आ रही है?

कार्यकर्ताओं के व्यवहार और कथित वसूली की शिकायतों की भी हो जांच

क्षेत्र में कुछ नागरिकों द्वारा विधायक से जुड़े लोगों के व्यवहार को लेकर नाराजगी जताए जाने तथा कुछ लोगों पर कथित वसूली के आरोप लगाए जाने की चर्चाएं भी सामने आ रही हैं। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे मामलों में संबंधित पक्षों का जवाब लेना और निष्पक्ष जांच कराना जरूरी है, ताकि वास्तविकता सामने आ सके। जनप्रतिनिधियों और राजनीतिक संगठन से जुड़े लोगों की जिम्मेदारी केवल सत्ता और संगठन की गतिविधियों तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि जनता के प्रति जवाबदेही भी उतनी ही महत्वपूर्ण है।

मुख्यमंत्री के सामने रखी जाए मुंगेली की वास्तविक तस्वीर

13 नवंबर को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रस्तावित दौरे को मुंगेली जिले के विकास से जुड़े वास्तविक मुद्दों को सामने रखने के अवसर के रूप में देखा जा रहा है। जनता चाहती है कि मुख्यमंत्री को केवल स्वागत समारोह, मंचीय कार्यक्रम और तैयारियों की चमक-दमक ही नहीं दिखाई जाए, बल्कि क्षेत्र की बदहाल सड़कों, अधूरी नालियों, पेयजल की समस्या और लंबित विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति से भी अवगत कराया जाए।

कार्यक्रम में खर्च होने वाली राशि, टेंट व्यवस्था के लिए अपनाई गई प्रक्रिया, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समय सीमा की जानकारी सार्वजनिक की जानी चाहिए। साथ ही यह भी स्पष्ट होना चाहिए कि मुख्यमंत्री के आगमन के लिए कराए जा रहे कार्यों का लाभ कार्यक्रम समाप्त होने के बाद आम जनता को किस रूप में मिलेगा।

जनता का सवाल—मुख्यमंत्री के आने पर ही क्यों जागता है प्रशासन?

मुंगेली की जनता को केवल बड़े-बड़े आयोजन, स्वागत द्वार, मंच और घोषणाएं नहीं चाहिए। जनता को ऐसी सड़कें चाहिए जिन पर रोजाना सुरक्षित आवागमन हो सके, ऐसी नालियां चाहिए जिनसे जलभराव की समस्या खत्म हो और ऐसी मूलभूत सुविधाएं चाहिए जिनका लाभ साल के 365 दिन मिले।

अब देखना होगा कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे के दौरान इन सवालों पर प्रशासन क्या जवाब देता है। साथ ही विधायक पुन्नूलाल मोहले, केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू और भाजपा संगठन के जिम्मेदार पदाधिकारी जनता की समस्याओं को मुख्यमंत्री के समक्ष उठाते हैं या फिर पूरा आयोजन स्वागत और व्यवस्थाओं तक ही सीमित रह जाता है।

मुख्यमंत्री का दौरा समाप्त होने के बाद भी क्या मुंगेली में विकास की यही रफ्तार बनी रहेगी या फिर सड़क मरम्मत और प्रशासनिक सक्रियता की यह तेजी कार्यक्रम के साथ ही थम जाएगी? यही सवाल आज मुंगेली की जनता के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed