November 13, 2026

पल्सर बाइक लूटकर भागे तीन आरोपी गिरफ्तार, रिपोर्ट दर्ज होने के चंद घंटों में कोटा पुलिस ने किया गिरफ्तार

0
IMG-20261111-WA0466

गनियारी में युवक के साथ मारपीट कर मांगे थे पैसे, विरोध करने पर मोटरसाइकिल लूटकर हुए थे फरार – लूट में प्रयुक्त स्कूटी भी जब्त

बिलासपुर। कोटा थाना क्षेत्र में मोटरसाइकिल लूट की वारदात को अंजाम देने वाले तीन आरोपियों को कोटा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। खास बात यह है कि पुलिस ने प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज होने के चंद घंटों के भीतर ही आरोपियों को पकड़कर लूटी गई पल्सर मोटरसाइकिल बरामद कर ली। आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई बिना नंबर की सुजुकी एक्सेस स्कूटी भी जब्त की गई है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी दुर्गेश साहू पिता अनिल साहू, निवासी ग्राम समडील, थाना तखतपुर, जिला बिलासपुर ने 10 नवंबर 2026 को कोटा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। प्रार्थी ने बताया कि वह घरेलू सामान और पटाखे खरीदने के लिए अपनी पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 12 बीएल 1353 से ग्राम गनियारी आया हुआ था। इसी दौरान तीन युवकों ने उसे रास्ते में रोक लिया और मारपीट करते हुए पैसों की मांग करने लगे। जब प्रार्थी ने पैसे देने से इनकार किया तो आरोपियों ने उसकी मोटरसाइकिल लूट ली और मौके से फरार हो गए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अपराध क्रमांक 981/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 309(4), 119(1) एवं 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी। उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह के निर्देश पर तत्काल आरोपियों की पतासाजी शुरू की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीमती मधुलिका सिंह तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कोटा श्रीमती नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदिग्धों की तलाश की।

पुलिस की सक्रियता के चलते वारदात में शामिल तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में अभय सूर्यवंशी पिता दुर्गेश सूर्यवंशी उम्र 19 वर्ष, नन्द कुमार केवट पिता स्वर्गीय सहोरिक केवट उम्र 19 वर्ष तथा नीरज सूर्यवंशी पिता संतोष सूर्यवंशी उम्र 19 वर्ष शामिल हैं। तीनों आरोपी आजाद चौक मंगला, थाना सिविल लाइन, जिला बिलासपुर के निवासी हैं।

70 हजार की पल्सर और वारदात में प्रयुक्त स्कूटी जब्त

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 12 बीएल 1353, जिसकी अनुमानित कीमत 70 हजार रुपये बताई गई है, बरामद की है। इसके अलावा लूट की वारदात में इस्तेमाल की गई बिना नंबर की सुजुकी एक्सेस स्कूटी भी जब्त की गई है। इस प्रकार पुलिस ने लूटी गई मोटरसाइकिल सहित वारदात में प्रयुक्त वाहन को अपने कब्जे में लेकर वैधानिक कार्रवाई पूरी की।

पहले भी चोरी की वारदात में रहे हैं शामिल

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार तीनों आरोपियों द्वारा पूर्व में भी बिलासपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

इनकी रही विशेष भूमिका

पूरी कार्रवाई में निरीक्षक शशिकांत भारद्वाज, थाना प्रभारी, प्रभारी प्र.उप निरीक्षक नागेश्वरी साहू, प्र.उप निरीक्षक दिलीप साहू, प्रधान आरक्षक सत्य प्रकाश यादव, आरक्षक 192 धर्मेंद्र साहू, आरक्षक 1092 सुनील पटेल एवं आरक्षक 1136 दीप सिंह कंवर की विशेष भूमिका रही।

पुलिस अधिकारियों ने चेतना अभियान के तहत अपराधों की रोकथाम और अपराधियों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई के लिए पुलिस टीम को सक्रिय रहने के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed