November 27, 2026

जल जीवन मिशन में लापरवाही पर सख्ती, 25 एजेंसियों को अंतिम नोटिस जारी करने के निर्देश

0
IMG-20261127-WA0612

कलेक्टर संजय अग्रवाल ने ली पेयजल योजनाओं की समीक्षा बैठक, मार्च 2027 तक अधूरे कार्य पूरे करने का लक्ष्य

668 गांवों में 903 जल प्रदाय योजनाओं पर चल रहा काम, अब तक 409 योजनाएं पूर्ण, 50 प्रतिशत से कम प्रगति वाली एजेंसियां भी रडार पर

बिलासपुर । ग्रामीण क्षेत्रों में प्रत्येक परिवार तक स्वच्छ और पर्याप्त पेयजल पहुंचाने के उद्देश्य से संचालित जल जीवन मिशन के कार्यों में तेजी लाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर एवं जिला जल एवं स्वच्छता मिशन के अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने अपूर्ण पेयजल योजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश देते हुए लापरवाही बरतने वाली कार्य एजेंसियों के विरुद्ध कार्रवाई के संकेत दिए हैं। उन्होंने समीक्षा बैठक में अनुपस्थित रहने वाली 25 एजेंसियों तथा 50 प्रतिशत से कम कार्य प्रगति वाली एजेंसियों को अंतिम नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने कलेक्टोरेट के मंथन सभाकक्ष में आयोजित बैठक में जल जीवन मिशन के अंतर्गत जिले में चल रहे निर्माण कार्यों, योजनाओं की भौतिक प्रगति, भुगतान और तकनीकी समस्याओं की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण परिवारों को समय पर पेयजल सुविधा उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसलिए सभी एजेंसियां अपनी जिम्मेदारी गंभीरता से निभाएं और निर्माण कार्यों में अनावश्यक देरी न करें। उन्होंने शेष योजनाओं की कार्ययोजनाओं का संकलन जनवरी 2027 के अंत तक सुनिश्चित करने तथा निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

668 गांवों में 903 पेयजल योजनाओं का क्रियान्वयन

बैठक में प्रस्तुत जानकारी के अनुसार जिले के 668 ग्रामों में 903 जल प्रदाय योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए 118 कार्य एजेंसियां 410 अनुबंधों के तहत काम कर रही हैं। अब तक 271 ग्रामों में भौतिक कार्य पूरे किए जा चुके हैं तथा कुल 409 जल प्रदाय योजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं।

व्यापक क्रियान्वयन एवं रिपोर्टिंग योजना (सीआईआरपी) के अंतर्गत शामिल 615 योजनाओं की समीक्षा में बताया गया कि 260 एकल ग्राम जल प्रदाय योजनाओं की भौतिक प्रगति शत-प्रतिशत हो चुकी है, जबकि शेष 355 योजनाओं में निर्माण कार्य जारी है। कलेक्टर ने इन सभी प्रगतिरत योजनाओं को मार्च 2027 तक पूरा करने के लक्ष्य के अनुरूप कार्यों में तेजी लाने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को नियमित निरीक्षण और एजेंसियों की जवाबदेही तय करने के निर्देश भी दिए।

लापरवाही बरतने वाली एजेंसियों को अंतिम चेतावनी

समीक्षा बैठक में 25 कार्य एजेंसियों के अनुपस्थित रहने और कई एजेंसियों की धीमी कार्य प्रगति का मामला सामने आया। इस पर कलेक्टर ने नाराजगी जताते हुए अनुपस्थित एजेंसियों तथा 50 प्रतिशत से कम प्रगति वाली एजेंसियों को अंतिम नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही और अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा। सभी एजेंसियां निर्धारित समय-सीमा के भीतर काम पूरा करें, अन्यथा नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

भुगतान की तकनीकी बाधाएं जल्द दूर करने के निर्देश

बैठक में लंबित भुगतान के मामलों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि समीक्षा में शामिल 152 योजनाओं के देयकों में से 96 एकल ग्राम जल प्रदाय योजनाओं के भुगतान जिला स्तर से अनुमोदित किए जा चुके हैं। शेष प्रकरणों में एसएनए ऑनबोर्डिंग, रेट्रोफिटिंग और अन्य तकनीकी समस्याओं के कारण भुगतान की प्रक्रिया प्रभावित हो रही है।

कलेक्टर ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को इन तकनीकी बाधाओं का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने खमरिया, सुखेना, जैतपुर और कुकदा सहित अन्य ग्रामों से संबंधित भुगतान समस्याओं को प्राथमिकता से हल करने को कहा। साथ ही जिन योजनाओं के कार्य पूर्ण हो चुके हैं, उनके देयक समय पर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए, ताकि भुगतान प्रक्रिया में अनावश्यक देरी न हो।

हर घर जल प्रमाणित पंचायतों को मिलेगा 50 हजार रुपये का अनुदान

बैठक में ग्रामीण जल प्रदाय योजनाओं की संचालन एवं संधारण नीति की जानकारी भी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि हर घर जल प्रमाणित ग्राम पंचायतों द्वारा 75 प्रतिशत उपभोक्ता शुल्क संग्रहण किए जाने पर 50 हजार रुपये के अनुदान का प्रावधान है। जिले में संचालित 95 रेट्रोफिटिंग योजनाओं के भुगतान की कार्रवाई निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार की जाएगी। वहीं, 10 रेट्रोफिटिंग योजनाओं के जिला स्तरीय अनुमोदन की प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी गई है।

कलेक्टर ने कहा कि पेयजल योजनाओं का निर्माण पूरा होने के साथ उनका नियमित संचालन और रखरखाव भी जरूरी है। ग्राम पंचायतों को योजनाओं के संचालन एवं संधारण में सक्रिय भूमिका निभानी होगी, ताकि ग्रामीणों को लंबे समय तक नियमित पेयजल सुविधा मिल सके।

मैदानी अमले की बढ़ी उपलब्धता, गुणवत्ता से समझौता नहीं

कलेक्टर संजय अग्रवाल ने बताया कि तीन नए उप अभियंताओं की पदस्थापना से मैदानी स्तर पर तकनीकी अमले की उपलब्धता बढ़ी है। इससे निर्माण कार्यों की निगरानी और तकनीकी समस्याओं के निराकरण में मदद मिलेगी। उन्होंने सभी कार्य एजेंसियों को जिम्मेदारी के साथ काम करने और ग्रामीण परिवारों तक स्वच्छ एवं पर्याप्त पेयजल पहुंचाना सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में कार्यपालन अभियंता रूपेश धनंजय, अनुविभागीय अधिकारी मुकेश बाहेकर एवं पुष्पेंद्र मिश्रा, उप अभियंता तथा विभिन्न कार्य एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

जिला प्रशासन की इस समीक्षा बैठक के बाद जल जीवन मिशन के कार्यों में तेजी आने की उम्मीद है। अब मार्च 2027 तक प्रगतिरत योजनाओं को पूरा करना और लापरवाही बरतने वाली एजेंसियों पर कार्रवाई करना विभाग के सामने प्रमुख चुनौती होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed