November 27, 2026

गंदगी फैलाने पर नगर निगम की बड़ी कार्रवाई, चांद बेकरी और भाठागांव शराब दुकान अहाता पर 20 हजार का जुर्माना

0
IMG-20261127-WA0691

जनशिकायत सही मिलने पर जोन-6 स्वास्थ्य विभाग ने की तत्काल कार्रवाई, दोनों संचालकों को साफ-सफाई रखने की सख्त चेतावनी

रायपुर। राजधानी में स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने और सार्वजनिक स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध रायपुर नगर निगम ने सख्ती शुरू कर दी है। जनशिकायतों को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम जोन क्रमांक-6 के स्वास्थ्य विभाग ने दो अलग-अलग स्थानों पर औचक निरीक्षण कर गंदगी पाए जाने पर संबंधित संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की। चंद्रशेखर आजाद वार्ड क्रमांक-60 के अयोध्या नगर स्थित चांद बेकरी में भारी गंदगी और स्वच्छता का अभाव मिलने पर संचालक पर 10 हजार रुपये का ई-जुर्माना लगाया गया। वहीं भाठागांव शराब दुकान के अहाता में भी भारी गंदगी और कचरा मिलने पर संबंधित अहाता संचालक पर 10 हजार रुपये का जुर्माना किया गया। इस तरह दोनों मामलों में नगर निगम ने कुल 20 हजार रुपये का ई-जुर्माना लगाया है।

चांद बेकरी में जनशिकायत की पुष्टि, मौके पर लगाया जुर्माना

जानकारी के अनुसार नगर निगम जोन-6 के स्वास्थ्य विभाग को अयोध्या नगर स्थित चांद बेकरी में गंदगी और साफ-सफाई नहीं होने से संबंधित जनशिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर जोन कमिश्नर प्रीति सिंह के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने औचक निरीक्षण किया।

जोन स्वास्थ्य अधिकारी आत्मानंद साहू की उपस्थिति में टीम ने चंद्रशेखर आजाद वार्ड क्रमांक-60 स्थित चांद बेकरी पहुंचकर स्वच्छता व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान बेकरी परिसर में भारी गंदगी और साफ-सफाई का अभाव पाया गया। जांच में प्राप्त जनशिकायत सही साबित हुई। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बेकरी संचालक को भविष्य में स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने की सख्त हिदायत दी और नियमों का उल्लंघन करने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी। साथ ही मौके पर ही 10 हजार रुपये का ई-जुर्माना लगाया गया।

भाठागांव शराब दुकान अहाता में भी गंदगी पर कार्रवाई

इसी तरह जोन-6 स्वास्थ्य विभाग को भाठागांव स्थित शराब दुकान के अहाता में गंदगी और कचरा फैले होने की शिकायत मिली थी। इस पर निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अहाता परिसर में भारी गंदगी और कचरा पाया गया। स्वच्छता व्यवस्था में लापरवाही सामने आने पर संबंधित अहाता संचालक के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई करते हुए 10 हजार रुपये का ई-जुर्माना लगाया गया।

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने संचालक को भविष्य में परिसर की नियमित साफ-सफाई रखने और कचरे का उचित प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही दोबारा लापरवाही पाए जाने पर नियमानुसार और कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।

जनशिकायतों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश

नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर जोन कमिश्नर प्रीति सिंह के मार्गदर्शन में की गई इन कार्रवाइयों के माध्यम से निगम ने स्पष्ट संदेश दिया है कि व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने तथा स्वच्छता नियमों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

जोन-6 स्वास्थ्य विभाग द्वारा दोनों मामलों में प्राप्त जनशिकायतों का त्वरित निराकरण करते हुए मौके पर ही जुर्माने की कार्रवाई की गई। निगम प्रशासन ने प्रतिष्ठान संचालकों से अपने परिसरों में नियमित साफ-सफाई रखने, कचरे का उचित निपटान करने और स्वच्छता संबंधी नियमों का पालन करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed