November 27, 2026

महिला से छेड़छाड़ करने वाला आरोपी चंद घंटों में गिरफ्तार, पामगढ़ पुलिस ने भेजा जेल

0
IMG-20261127-WA0715

रास्ते में अकेला पाकर महिला से की थी अशोभनीय टिप्पणी और छेड़छाड़, भारतीय न्याय संहिता की चार धाराओं के तहत कार्रवाई

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई, 22 वर्षीय आरोपी न्यायिक रिमांड पर भेजा गया

जांजगीर-चांपा । महिलाओं की सुरक्षा और उनके विरुद्ध होने वाले अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए जांजगीर-चांपा पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में पामगढ़ थाना क्षेत्र में महिला के साथ छेड़छाड़ और अशोभनीय टिप्पणी करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को घटना के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 74, 75, 76 एवं 79 के तहत अपराध दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 26 नवंबर 2026 की है। पीड़िता अपने एक रिश्तेदार के घर पैदल जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में आरोपी ने महिला को अकेला पाकर उसके साथ अशोभनीय टिप्पणी की और छेड़छाड़ की। घटना के बाद पीड़िता ने थाना पामगढ़ पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल अपराध क्रमांक 527/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 74, 75, 76 एवं 79 के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की।

एसपी के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने की त्वरित कार्रवाई

महिला के साथ घटित अपराध की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) ने मामले में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उनके निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यूलैण्डन यार्क एवं एसडीओपी शिवरीनारायण तोमेश वर्मा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी पामगढ़ निरीक्षक राकेश कुमार सूर्यवंशी के नेतृत्व में पुलिस टीम सक्रिय हुई।

पुलिस टीम ने मामले की जांच करते हुए आरोपी की तलाश शुरू की और कुछ ही घंटों के भीतर उसे हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी द्वारा घटना कारित करना स्वीकार किए जाने पर पुलिस ने 27 नवंबर 2026 को उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

22 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार

पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपी की पहचान छबिलाल सूर्यवंशी (22 वर्ष), निवासी धाराशिव, थाना पामगढ़, जिला जांजगीर-चांपा के रूप में हुई है। उसके विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।

पुलिस टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सूर्यवंशी, प्रशिक्षु उप निरीक्षक कविता टंडन, आरक्षक सीताराम सूर्यवंशी एवं आरक्षक भुनेश्वर पटेल का सराहनीय योगदान रहा।

पामगढ़ पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई के माध्यम से महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों पर गंभीरता से कार्रवाई करने का संदेश दिया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े मामलों में शिकायत मिलने पर त्वरित कार्रवाई करते हुए दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed