14,830 फीट की ऊंचाई पर बस्तर के युवा ने लहराया परचम, भुवनेश्वर कश्यप ने हिमालय में बढ़ाया छत्तीसगढ़ का मान
हिमाचल प्रदेश की दुर्गम चांशल पहाड़ियों पर पूरी की 6 किलोमीटर की कठिन ट्रेकिंग, राष्ट्रीय सेवा योजना का बैनर प्रदर्शित कर हासिल की उपलब्धि
राष्ट्रीय साहसिक प्रशिक्षण शिविर में दिखाया अदम्य साहस, दृढ़ इच्छाशक्ति और आत्मविश्वास
रायपुर । प्रतिभा, साहस और मजबूत इच्छाशक्ति के दम पर छत्तीसगढ़ के युवा लगातार राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहे हैं। इसी कड़ी में बस्तर जिले के एक युवा ने हिमालय की दुर्गम पहाड़ियों में अपनी हिम्मत और जज्बे का परिचय देकर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। शासकीय काकतीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, जगदलपुर के राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के स्वयंसेवक भुवनेश्वर कश्यप ने हिमाचल प्रदेश की चांशल पहाड़ियों में समुद्र तल से 14,830 फीट की ऊंचाई तक पहुंचकर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। कठिन पर्वतीय रास्तों और चुनौतीपूर्ण प्राकृतिक परिस्थितियों को पार करते हुए उन्होंने न केवल अपनी क्षमता का परिचय दिया, बल्कि चांशल की ऊंची पहाड़ियों पर राष्ट्रीय सेवा योजना का बैनर प्रदर्शित कर बस्तर सहित पूरे छत्तीसगढ़ का मान बढ़ाया।
10 दिवसीय साहसिक शिविर में लिया हिस्सा
जानकारी के अनुसार, हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले में स्थित रीजनल एडवेंचर स्पोर्ट्स सेंटर, हटकोटी में 10 दिवसीय साहसिक प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में देश के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे युवाओं को साहसिक गतिविधियों और पर्वतीय प्रशिक्षण का अवसर मिला। इसी शिविर में शामिल बस्तर के स्वयंसेवक भुवनेश्वर कश्यप ने लगभग 6 किलोमीटर की कठिन पर्वतीय ट्रेकिंग पूरी कर 14,830 फीट की ऊंचाई तक पहुंचने का लक्ष्य हासिल किया।
इस दौरान उन्हें दुर्गम पहाड़ी रास्तों, खड़ी चढ़ाई और कठिन मौसम जैसी प्राकृतिक चुनौतियों का सामना करना पड़ा। लेकिन मजबूत इच्छाशक्ति, आत्मविश्वास और निरंतर प्रयास के बल पर उन्होंने अपनी यात्रा पूरी की। चांशल की पहाड़ियों पर राष्ट्रीय सेवा योजना का बैनर प्रदर्शित करना उनके लिए विशेष उपलब्धि रही।
साहसिक गतिविधियों से विकसित हो रही युवाओं में नेतृत्व क्षमता
शिविर के दौरान प्रतिभागियों को पर्वतीय ट्रेकिंग, वैली क्रॉसिंग और रस्सियों के सहारे विभिन्न साहसिक गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके साथ ही टीम वर्क, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और विपरीत परिस्थितियों में निर्णय लेने की दक्षता विकसित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
इन गतिविधियों का उद्देश्य युवाओं को शारीरिक एवं मानसिक रूप से मजबूत बनाना तथा उन्हें कठिन परिस्थितियों में धैर्य, साहस और सूझबूझ के साथ आगे बढ़ने के लिए तैयार करना है। ऐसे प्रशिक्षण शिविर युवाओं के भीतर आत्मनिर्भरता, सहयोग और नेतृत्व की भावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
महाविद्यालय के प्राचार्य और एनएसएस अधिकारी का मिला मार्गदर्शन
भुवनेश्वर कश्यप की इस उपलब्धि में शासकीय काकतीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, जगदलपुर के प्राचार्य डॉ. अनिल कुमार श्रीवास्तव तथा राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी दुर्गेश देवांगन का मार्गदर्शन एवं प्रोत्साहन महत्वपूर्ण रहा है।
भुवनेश्वर की यह उपलब्धि बस्तर के युवाओं की प्रतिभा, साहस और संभावनाओं को राष्ट्रीय स्तर पर सामने लाती है। उनकी सफलता से क्षेत्र के अन्य युवाओं को भी चुनौतियों का सामना करने, नए लक्ष्य निर्धारित करने और अपनी क्षमता साबित करने की प्रेरणा मिलेगी। हिमालय की ऊंचाइयों पर पहुंचकर भुवनेश्वर ने साबित कर दिया कि मजबूत संकल्प और निरंतर मेहनत के सामने कठिन से कठिन रास्ते भी आसान बनाए जा सकते हैं।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
