गुरु नानक देव जी की पावन स्मृतियों से जुड़े गढ़फुलझर को मिलेगा धाम का स्वरूप, विकास के लिए एक करोड़ की सौगात
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नानक सागर साहिब गुरुद्वारे में टेका मत्था, विशेष कीर्तन समागम में हुए शामिल
सर्वसुविधायुक्त अंबेडकर भवन और सार्वजनिक उद्यान निर्माण की भी घोषणा, आस्था के साथ सामाजिक समरसता का केंद्र बनेगा गढ़फुलझर
रायपुर/महासमुंद । छत्तीसगढ़ की ऐतिहासिक, धार्मिक और आध्यात्मिक विरासत को नई पहचान दिलाने की दिशा में महासमुंद जिले के गढ़फुलझर के विकास को लेकर महत्वपूर्ण पहल की गई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गढ़फुलझर को आस्था, अध्यात्म, सेवा और सामाजिक समरसता के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की घोषणा करते हुए नानकसागर के विकास के लिए एक करोड़ रुपये की राशि देने का ऐलान किया है। इसके साथ ही क्षेत्र में सर्वसुविधायुक्त अंबेडकर भवन और सार्वजनिक उद्यान का निर्माण भी कराया जाएगा।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शुक्रवार को महासमुंद जिले के बसना विकासखंड अंतर्गत गढ़फुलझर स्थित ऐतिहासिक नानक सागर साहिब गुरुद्वारे में सिख समाज द्वारा आयोजित विशेष कीर्तन समागम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने गुरुद्वारे में मत्था टेककर प्रदेशवासियों की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली के लिए अरदास की तथा श्रद्धापूर्वक शबद कीर्तन का श्रवण किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सिख समाज सहित विभिन्न समुदायों के श्रद्धालु और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
पांच शताब्दी पुरानी आध्यात्मिक विरासत को सहेजने का संकल्प
मुख्यमंत्री साय ने अपने संबोधन में कहा कि गुरु नानक देव जी महाराज की पावन स्मृतियों से जुड़ा गढ़फुलझर छत्तीसगढ़ की अनमोल ऐतिहासिक और आध्यात्मिक धरोहर है। लगभग पांच शताब्दी पूर्व प्रथम सिख गुरु श्री गुरु नानक देव जी के इस धरती पर आगमन की स्मृतियां आज भी इस क्षेत्र की पहचान का अभिन्न हिस्सा हैं। तत्कालीन राजा भैंना द्वारा पांच एकड़ भूमि दान किए जाने का प्रसंग यहां की उदारता, श्रद्धा और आपसी सद्भाव की गौरवशाली परंपरा को प्रदर्शित करता है।
उन्होंने कहा कि गढ़फुलझर केवल एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि विभिन्न समाजों की साझा आस्था और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक है। सिख समाज, कोलता समाज, आदिवासी समाज सहित अनेक समुदायों की भावनाएं इस ऐतिहासिक स्थल से जुड़ी हुई हैं। सरकार का प्रयास है कि इस पवित्र स्थान का ऐसा समग्र विकास किया जाए, जिससे यहां आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलें और यह स्थल सामाजिक सद्भाव एवं मानवीय मूल्यों का संदेश देने वाला प्रमुख केंद्र बने।
नानकसागर के लिए एक करोड़, अंबेडकर भवन और उद्यान भी बनेगा
मुख्यमंत्री ने नानकसागर के विकास के लिए एक करोड़ रुपये की राशि प्रदान करने की घोषणा की। इसके अलावा क्षेत्र में सर्वसुविधायुक्त अंबेडकर भवन तथा सार्वजनिक उद्यान के निर्माण की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि इन विकास कार्यों से क्षेत्र में धार्मिक, सामाजिक और सार्वजनिक गतिविधियों के आयोजन के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। साथ ही गढ़फुलझर की पहचान धार्मिक पर्यटन के महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में विकसित होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश की समृद्ध धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और संवर्धन के लिए प्रतिबद्ध है। गढ़फुलझर को इस प्रकार विकसित किया जाएगा कि आने वाली पीढ़ियां भी यहां की ऐतिहासिक स्मृतियों और आध्यात्मिक परंपराओं से परिचित हो सकें।
गुरु नानक देव जी का संदेश पूरी मानवता के लिए प्रेरणास्रोत
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि गुरु नानक देव जी ने पूरी मानवता को प्रेम, करुणा, समानता, परिश्रम और सेवा का मार्ग दिखाया। उनकी शिक्षाएं किसी एक धर्म या समुदाय तक सीमित नहीं हैं, बल्कि संपूर्ण मानव समाज के कल्याण का संदेश देती हैं। ‘सरबत दा भला’ अर्थात सभी के कल्याण की भावना हमें समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे और सहयोग को मजबूत करने की प्रेरणा देती है।
उन्होंने सिख समाज की सेवा भावना और परोपकार की परंपरा की सराहना करते हुए कहा कि गुरुद्वारों में संचालित लंगर सेवा सामाजिक समानता और एकता का अनुपम उदाहरण है। यहां जाति, धर्म, ऊंच-नीच और आर्थिक स्थिति का कोई भेदभाव नहीं होता। सभी लोग एक ही पंगत में बैठकर भोजन करते हैं। यही गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं का वास्तविक स्वरूप है, जो समाज को जोड़ने और मानवता की सेवा करने का संदेश देता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार भी सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास की भावना के अनुरूप समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए कार्य कर रही है। विकास का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना और प्रदेश में शांति, सद्भाव एवं समृद्धि का वातावरण बनाना सरकार का संकल्प है।
धार्मिक पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा, गढ़फुलझर को मिलेगी नई पहचान
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बसना विधायक संपत अग्रवाल ने गढ़फुलझर के ऐतिहासिक और आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की धरती धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से अत्यंत समृद्ध है। भगवान श्रीराम के ननिहाल के रूप में प्रसिद्ध इस प्रदेश में गुरु नानक देव जी की पावन स्मृतियों से जुड़ा गढ़फुलझर भी महत्वपूर्ण धार्मिक विरासत का केंद्र है।
उन्होंने कहा कि लगभग 500 वर्ष पूर्व गुरु नानक देव जी के यहां आगमन और प्रवास की स्मृतियां इस स्थल को विशेष महत्व प्रदान करती हैं। मुख्यमंत्री द्वारा नानकसागर के विकास के लिए एक करोड़ रुपये की घोषणा तथा अंबेडकर भवन और सार्वजनिक उद्यान निर्माण की सौगात से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी। इससे धार्मिक पर्यटन को प्रोत्साहन मिलने के साथ गढ़फुलझर की पहचान प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर और व्यापक होगी।
सिख समाज सहित विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधि रहे मौजूद
विशेष कीर्तन समागम में जत्थेदार बाबा साहिब सिंह, राज्य आयुक्त इंद्रजीत सिंह खालसा, क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह सवन्नी, छत्तीसगढ़ राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष अमरजीत सिंह छाबड़ा सहित सिख समाज एवं विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधिगण तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री की घोषणाओं के साथ गढ़फुलझर के ऐतिहासिक नानकसागर और गुरुद्वारा परिसर के विकास को लेकर नई उम्मीद जगी है। आने वाले समय में यह स्थल धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकता, सेवा और आध्यात्मिक चेतना के महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में विकसित हो सकेगा।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
