November 12, 2026

स्वच्छ सर्वेक्षण में छत्तीसगढ़ का परचम, रायपुर को राज्य में पहला और बिल्हा को देश में मिला प्रथम स्थान

0
IMG-20261111-WA0714

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने प्रदान किए राष्ट्रीय पुरस्कार, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू सहित नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद

रायपुर। स्वच्छता और बेहतर नगरीय प्रबंधन के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी उपलब्धियों का परचम लहराया है। भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा आयोजित स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में प्रदेश के तीन नगरीय निकायों को राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। इसमें नगर पंचायत बिल्हा ने 20 हजार से कम आबादी वाले शहरों की श्रेणी में पूरे देश में प्रथम स्थान हासिल कर छत्तीसगढ़ को गौरवान्वित किया है। वहीं रायपुर नगर निगम को स्वच्छता के क्षेत्र में राज्य में पहला स्थान मिला है, जबकि बिलासपुर ने स्वच्छ रिवर फ्रंट टाउन श्रेणी में राष्ट्रीय स्तर पर दूसरा स्थान प्राप्त किया है।

नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित भव्य पुरस्कार वितरण समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के हाथों छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव, विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा तथा संबंधित नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने पुरस्कार ग्रहण किया। समारोह में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर तथा केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू भी उपस्थित रहे।

छोटे शहर बिल्हा ने देशभर में बनाई पहचान

इस सर्वेक्षण में बिलासपुर जिले की नगर पंचायत बिल्हा ने 20 हजार से कम आबादी वाले शहरों की श्रेणी में देश में पहला स्थान प्राप्त किया। यह उपलब्धि दर्शाती है कि सीमित संसाधनों के बावजूद बेहतर प्रबंधन, स्वच्छता के प्रति प्रतिबद्धता और नागरिकों की सहभागिता से छोटे नगरीय निकाय भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं।

वहीं बिलासपुर नगर निगम को स्वच्छ रिवर फ्रंट टाउन श्रेणी में दूसरा स्थान मिला है। रायपुर नगर निगम ने भी प्रदेश के नगरीय निकायों में प्रथम स्थान हासिल कर अपनी उपलब्धि दर्ज कराई है।

मुख्यमंत्री ने दी बधाई, सामूहिक प्रयासों को बताया उपलब्धि का आधार

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस उपलब्धि पर प्रदेशवासियों, नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और स्वच्छता कर्मियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सम्मान प्रदेश के शहरों की बदलती तस्वीर और स्वच्छता के प्रति नागरिकों की सामूहिक प्रतिबद्धता का प्रमाण है। उन्होंने स्वच्छता को प्रत्येक नागरिक की आदत और हर शहर की पहचान बनाने पर जोर दिया।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि प्रदेश के तीन नगरीय निकायों को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिलना महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, स्वच्छता कर्मियों और नागरिकों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है।

समारोह में ये जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद

पुरस्कार समारोह में रायपुर महापौर मीनल चौबे, बिलासपुर महापौर पूजा विधानी, बिल्हा नगर पंचायत अध्यक्ष वंदना जेंड्रे, रायपुर निगम आयुक्त संबित मिश्रा, बिलासपुर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे तथा राज्य शहरी विकास अभिकरण के मिशन डायरेक्टर एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुमीत अग्रवाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

छत्तीसगढ़ के तीन नगरीय निकायों को मिले राष्ट्रीय सम्मान से प्रदेश की स्वच्छता व्यवस्था और नगरीय प्रबंधन के प्रयासों को नई पहचान मिली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed