November 12, 2026

10 साल पुरानी रंजिश में युवक की बेरहमी से हत्या, शराब पिलाकर गला घोंटा; शव गटर में फेंका

0
IMG-20261111-WA0703

गुमशुदगी की शिकायत से खुला हत्या का सनसनीखेज राज, तेलीबांधा पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार; जले कपड़े और एक्टिवा भी बरामद

रायपुर। राजधानी रायपुर में करीब 10 साल पुरानी रंजिश के चलते एक युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपियों ने पहले युवक को बहाने से कमल विहार सेक्टर-13 बुलाया और शराब पिलाई। इसके बाद गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। वारदात को छिपाने के लिए मृतक के कपड़े जलाकर शव को गटर में फेंक दिया तथा उसकी एक्टिवा को बाकल नदी के पास छिपा दिया। मामले में तेलीबांधा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक निरंजन पाल की मां ने थाना तेलीबांधा में सूचना दी थी कि उनका पुत्र 10 नवंबर की रात करीब 8:30 बजे से घर से लापता है। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल वैधानिक कार्रवाई करते हुए गुमशुदगी का प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ और पतासाजी तेज कर दी।

10 साल पुरानी रंजिश बनी हत्या की वजह

जांच के दौरान राजा नायडू से पूछताछ की गई। उससे मिले सुरागों के आधार पर पुलिस विनोद दांडेकर तक पहुंची। पूछताछ में सामने आया कि विनोद दांडेकर को करीब 10 वर्ष पूर्व अपने पुत्र की हत्या में निरंजन पाल के शामिल होने का संदेह था। इसी बात को लेकर वह निरंजन से पुरानी रंजिश रखता था।

पुलिस के अनुसार, इसी रंजिश के चलते विनोद दांडेकर ने राजा नायडू के साथ मिलकर निरंजन पाल को कमल विहार सेक्टर-13 बुलाया। वहां दोनों ने पहले उसे शराब पिलाई और फिर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।

सबूत मिटाने शव गटर में फेंका, कपड़े जलाए

हत्या के बाद आरोपियों ने साक्ष्य और मृतक की पहचान छिपाने की कोशिश की। उन्होंने मृतक के कपड़े जलाकर शव को गटर में फेंक दिया। वहीं उसकी एक्टिवा को बाकल नदी के पास छिपा दिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर निरंजन पाल का शव बरामद कर लिया। इसके साथ ही जले हुए कपड़े और मृतक की एक्टिवा भी जब्त की गई है।

थाने का गुंडा-बदमाश है एक आरोपी

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में राजा नायडू थाना तेलीबांधा का गुंडा-बदमाश है। दोनों आरोपियों के विरुद्ध हत्या एवं अन्य सुसंगत धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।

गुमशुदगी की सूचना मिलने के बाद पुलिस की जांच में हत्या का खुलासा होने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य तथ्यों और साक्ष्यों की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed