बिलासपुर में एक ही रात तीन लूट और झपटमारी की वारदात, पुलिस ने 24 घंटे में पकड़े पांच नाबालिग
चाकू दिखाकर मोबाइल लूटने वाले गिरोह का पर्दाफाश, तीन मोबाइल, नकदी, स्कूटी और बटनदार चाकू जब्त
बिलासपुर। शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में एक ही रात लूट और मोबाइल झपटमारी की तीन वारदातों को अंजाम देने वाले पांच नाबालिगों को पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर पकड़ लिया। आरोपियों के कब्जे से लूटे गए तीन मोबाइल, नकदी, घटना में प्रयुक्त स्कूटी और एक बटनदार चाकू जब्त किया गया है। सभी विधि से संघर्षरत बालकों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया।
पुलिस के अनुसार, 25 नवंबर को ललित कुमार यादव ने शिकायत दर्ज कराई कि वह अपने दोस्त के साथ व्यापार विहार पार्सल लेने जा रहा था। रात करीब 3:30 बजे तालापारा बजरंग चौक के पास स्कूटी सवार तीन युवकों ने उसकी मोटरसाइकिल रोककर चाकू दिखाया और करीब 10 हजार रुपये कीमत का ओप्पो मोबाइल लूटकर फरार हो गए।
इसी तरह अक्षय कुमार गुप्ता ने बताया कि रात करीब 3 बजे राजीव गांधी चौक से अपने किराये के मकान जा रहा था। तैयबा चौक के पास स्कूटी सवार तीन युवकों ने उसे रोककर चाकू से मारने की धमकी दी और 22 हजार रुपये कीमत का मोटोरोला मोबाइल लूट लिया। वहीं अंकित पटेल का मंगला बाईपास रोड स्थित अमलताश कॉलोनी के पास मोबाइल झपटकर आरोपी भाग निकले।
लगातार तीन घटनाओं से क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस टीम ने जांच शुरू की। मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर पांच नाबालिगों को पकड़ा गया। पूछताछ में उन्होंने वारदात स्वीकार की। पुलिस ने तीनों मामलों में जब्ती कर वैधानिक कार्रवाई की है।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
