राजनांदगांव) 21 लाख लेकर पंडित प्रदीप मिश्रा को कथा करने नहीं बुलाया, एफआईआर दर्ज
प्रदीप मिश्रा की शिवपुराण कथा के आयोजन के नाम पर 21 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। अंबागढ़ चौकी की भोलेनाथ सेवा समिति ने छुरिया ब्लॉक के हालेकोसा निवासी दिनेश साहू पर धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से शिकायत की थी। शिकायत के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दिनेश साहू के खिलाफ धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज कर लिया। बताया गया है कि आरोपित दिनेश साहू वही व्यक्ति है, जो हर वर्ष अपने गृह ग्राम में पंडित प्रदीप मिश्रा की कथा आयोजित कराता रहा है। शिकायतकर्ताओं के अनुसार दिनेश साहू ने दो किश्तों में नगद राशि प्राप्त की और आयोजकों को कथा के लिए कथित रूप से झूठी तारीख दे दी। जब उससे रकम वापस मांगी गई तो वह मुकरने लगा। समिति अध्यक्ष दीपचंद रजक ने बताया कि छत्तीसगढ़ में पंडित प्रदीप मिश्रा की कथा का आयोजन दिनेश साहू के माध्यम से होने की जानकारी मिली थी। इसके बाद समिति के सदस्य उसके गांव पहुंचे और आयोजन को लेकर चर्चा की। दिनेश ने आयोजन के लिए नगद राशि देने को कहा। पहले पांच लाख और बाद में 16 लाख रुपये उसे दिए गए। उसने जल्द कथा की तारीख बताने का भरोसा दिलाया। कुछ दिनों बाद उसने 8 से 14 मई तक कथा आयोजन की तारीख बताई, लेकिन बाद में जानकारी मिली कि उन दिनों पंडित प्रदीप मिश्रा का कार्यक्रम रांची में तय है। तब तक समिति द्वारा बैनर, पोस्टर और होर्डिंग लगवाए जा चुके थे और लोगों को आमंत्रित भी किया जा चुका था। इसी दौरान समिति को कथित धोखाधड़ी की जानकारी मिली। समिति के सदस्यों ने बताया कि उन्होंने सिहोर जाकर भी मामले की शिकायत करने की कोशिश की, लेकिन उनकी बात नहीं सुनी गई। इसके बाद दिनेश साहू से रकम वापस मांगी गई, लेकिन वह लगातार टालता रहा। आरोपित दिनेश साहू ने कहा कि समिति ने समय पर पैसा जमा नहीं किया, जिसके चलते कथा रद हुई। उनका कहना है कि उन्होंने रकम अकाउंट में जमा करने के लिए कहा था, लेकिन समिति ने नगद राशि दी। दिनेश साहू ने दावा किया कि वह पैसे वापस कर रहा है और पांच लाख रुपये टेंट वाले के पास जमा हैं। उन्होंने यह भी कहा कि हाल ही में उनके चाचा का निधन हो गया था, जिसके कारण वह व्यस्त थे और इसी बीच शिकायत दर्ज करा दी गई।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
