October 19, 2026

जिला अस्पताल के बाहर बना सुलभ शौचालय जर्जर, मरीजों और परिजनों को हो रही भारी परेशानी

0
IMG_20260507_152944_006.webp



मुंगेली। जिला अस्पताल मुंगेली के बाहर स्थित सार्वजनिक सुलभ शौचालय इन दिनों बदहाल स्थिति में पहुंच गया है। अस्पताल परिसर के बाहर बना यह शौचालय पूरी तरह जर्जर हो चुका है, जिससे मरीजों, उनके परिजनों और आम नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

अस्पताल में रोजाना जिलेभर से बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में अस्पताल के बाहर स्थित सार्वजनिक शौचालय लोगों के लिए जरूरी सुविधा माना जाता है, लेकिन लंबे समय से रखरखाव के अभाव में इसकी हालत खराब होती चली गई। भवन की दीवारों पर गंदगी और सीलन साफ दिखाई दे रही है, वहीं कई हिस्सों में टूट-फूट भी नजर आ रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि शौचालय की नियमित साफ-सफाई नहीं होने से यहां दुर्गंध फैली रहती है। कई बार पानी की समस्या भी बनी रहती है, जिससे उपयोग करने वालों को दिक्कत होती है। महिलाओं और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ रही है।

लोगों का आरोप है कि जिम्मेदार विभाग इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थान के बाहर सार्वजनिक सुविधा की यह स्थिति ग्राम पंचायत रामगढ़ और संबंधित विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रही है।

स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि शौचालय का जल्द मरम्मत कार्य कराया जाए तथा नियमित सफाई और पानी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि अस्पताल आने वाले लोगों को राहत मिल सके।

नगरवासियों का कहना है कि यदि समय रहते व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया, तो संक्रमण और गंदगी की समस्या और गंभीर हो सकती है। अब लोगों की नजर प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed