October 19, 2026

मुंगेली में सेहत से खिलवाड़: आनंद सुपर बाजार में एक्सपायरी सामान पर फर्जी पर्ची का खेल, सोया है खाद्य सुरक्षा विभाग

0
IMG-20260822-WA0017

उपभोक्ता के स्वास्थ्य और जान से खिलवाड़…सुपर बाजारों में बिक रही हैं एक्सपायरी खाद्य सामग्री, ब्रांडेड सामानों पर लग रही फर्जी पैकिंग डेट की पर्ची…जिला प्रशासन सवालों के घेरे में…खाद्य सुरक्षा विभाग कुम्भकर्णी निंद्रा में…


मुंगेली । शहर के सुपर बाजारों में इन दिनों ग्राहकों की सेहत और जिंदगी के साथ खुला खिलवाड़ किया जा रहा है। नामी-गिरामी ब्रांडेड कंपनियों के खाद्य सामानों पर सुपर बाजार संचालक अपनी मनमाफिक फर्जी पैकिंग डेट की पर्ची चिपकाकर एक्सपायरी हो चुके सामानों को धड़ल्ले से बेच रहे हैं। चमक-धमक और छूट के जाल में फंसकर आम उपभोक्ता अनजाने में अपनी और अपने परिवार की सेहत को खतरे में डाल रहे हैं।
मामले की गंभीरता के बीच जिला प्रशासन सवालों के घेरे में है ? और संबंधित खाद्य सुरक्षा विभाग कुंभकर्णी निद्रा में सोया हुआ है।

आनंद सुपर बाजार में फर्जी पैकिंग डेट का खेल…मिल रही एक्सपायरी हो चुकी खाद्य सामग्रियां…

मुंगेली शहर के गौरव पथ स्थित आनंद सुपर बाजार का एक बड़ा और उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य और जान से खिलवाड़ का मामला सामने आया हैं। शिकायत करने वाले उपभोक्ता ने बताया कि दिनांक 17/08/2026 को वह मुंगेली शहर के गौरव पथ में स्थित आनंद सुपर बाजार खाद्य व दैनिक उपयोग की वस्तु खरीदने गया था, उपभोक्ता द्वारा चौधरी कम्पनी का पापड़ लिया गया, जिसमें कंपनी की ओर से चौधरी पापड़ में मैनुफैक्चरिंग डेट 16 मई 2026 तथा एक्सपायरी डेट 15 अगस्त 2026 लिखा हुआ हैं, इसी चौधरी पापड़ के ऊपर आनंद सुपर बाजार का एक पैकिंग डेट 18/06/2026 लिखा हुआ हैं, जो कि बहुत ही गंभीर और संवेदनशील मामला हैं, क्योंकि जब ब्रांडेड चौधरी पापड़ कम्पनी द्वारा खुद का मैनुफैक्चरिंग और एक्सपायरी डेट पैकिंग में लिखा गया हैं तो आंनद सुपर बाजार को फर्जी पैकिंग डेट की पर्ची लगाने किसने अधिकार दिया ? और जब यह पापड़ 15 अगस्त 2026 को एक्सपायरी हो चुकी हैं तो इसे सुपर बाजार में क्यों बेचा जा रहा ? सुपर मार्केट संचालक द्वारा यह गंभीर लापरवाही हैं।

मामले की होगी शिकायत, कड़ी कार्यवाही की मांग…

इस पूरे मामले में उपभोक्ता ने बताया कि पूरे मामले की खाद्य सुरक्षा विभाग, जिला प्रशासन, राज्य शासन से लेकर FSSAI तक की जाएगी, उपभोक्ता ने बताया कि उनके पास बिल, भुगतान सहित खाद्य सामग्री और फ़ोटो, वीडियो सहित सारे प्रमाण मौजूद हैं।

सुपर बाजारों की मनमानी…

उपभोक्ताओं ने बताया कि कुछ सुपर बाजारों में मिलने वाले सूखे मेवे, मसाले, दालें और पैकेज्ड स्नैक्स पर मूल कंपनी की एक्सपायरी डेट को छिपा दिया जाता है। इसके ऊपर सुपर बाजार का अपना स्टिकर लगा दिया जाता है, जिस पर नई पैकिंग डेट और बढ़ी हुई ‘बेस्ट बिफोर’ तिथि दर्ज होती है। उपभोक्ता ब्रांडेड टैग देखकर सामान खरीद लेते हैं, जबकि अंदर रखा सामान सड़ चुका या अपनी मियाद पूरी कर चुका होता है।

सेहत पर मंडराता गंभीर खतरा…

एक्सपायर हो चुके खाद्य पदार्थों का सेवन करने से फूड पॉइजनिंग, पेट की गंभीर बीमारियां और एलर्जी का खतरा बढ़ जाता है। इसके बावजूद मुनाफाखोरी के अंधी दौड़ में शामिल सुपर बाजार संचालक जनता के स्वास्थ्य से समझौता करने में जरा भी नहीं हिचक रहे हैं।

प्रशासन की चुप्पी पर उठे सवाल…

खाद्य विभाग की निष्क्रियता पर भी गंभीर प्रश्न उठ रहे हैं, खाद्य सुरक्षा विभाग त्योहारों के समय ही अधिकतर होटलों, अन्य प्रतिष्ठानों के खाद्य सामग्रियों की जाँच करने जागता हैं बाकी समय इन्हें कोई मतलब नहीं। नियमित जांच और सैंपलिंग के अभाव में सुपर बाजार संचालकों के हौसले बुलंद हैं। आम नागरिकों का कहना है कि अगर विभाग समय रहते कड़े कदम नहीं उठाता, तो कोई बड़ी अप्रिय घटना घट सकती है। यदि खाद्य सुरक्षा विभाग और जिला प्रशासन ने जल्द ही इन सुपर बाजारों पर छापेमारी कर सख्त कार्रवाई नहीं की, तो जागरूक नागरिकों और उपभोक्ता संगठनों द्वारा उग्र आंदोलन की चेतावनी दी जा रही है। अब देखना यह है कि प्रशासन कब नींद से जागता है और इन मुनाफाखोरों पर नकेल कसता है।

ऐसी संभावना व्यक्त की जा रही हैं कि समाचार प्रकाशित होने के बाद आनंद सुपर बाजार सहित अन्य दुकानदार अपने दुकानों की एक्सपायरी हो चुकी खाद्य सामग्री हटा सकते हैं क्योंकि अब उन्हें कार्यवाही का भय हैं…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed