कोलकाता में कानून तोड़ने वालों पर पुलिस की सख्ती, चार दिन में 132 गिरफ्तार — पटाखे, शराब और यातायात उल्लंघन पर भी कार्रवाई
कोलकाता । महानगर कोलकाता में त्योहारों की श्रृंखला के बीच कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने विशेष अभियान छेड़ा हुआ है। लगातार चार दिनों से चल रहे इस अभियान में कोलकाता पुलिस ने 132 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिन पर विभिन्न अपराधों के आरोप लगे हैं।
कोलकाता पुलिस मुख्यालय लालबाजार द्वारा जारी बयान में बताया गया कि गिरफ्तार व्यक्तियों में अधिकांश को हुड़दंग मचाने और अवैध रूप से विस्फोटक पदार्थों के इस्तेमाल के आरोप में पकड़ा गया है। पुलिस के अनुसार, 122 लोगों को हंगामा करने, जबकि 10 लोगों को प्रतिबंधित पटाखे फोड़ने के लिए हिरासत में लिया गया।
अभियान के दौरान पुलिस ने करीब 3.7 किलोग्राम प्रतिबंधित पटाखे और 4.2 लीटर अवैध शराब भी जब्त की। अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान शहर में ध्वनि और वायु प्रदूषण नियंत्रित करने तथा अवैध वस्तुओं की तस्करी रोकने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में यातायात विभाग ने भी अलग से कार्रवाई की। यातायात नियमों के उल्लंघन पर 365 लोगों के खिलाफ मामले दर्ज किए गए। इनमें 75 बाइक सवार और 44 पिछली सीट पर बैठे यात्री बिना हेलमेट पाए गए। इसके अलावा, 71 मामलों में लापरवाही से वाहन चलाने, 65 मामलों में नशे में ड्राइविंग, और 110 अन्य मामलों में विभिन्न यातायात उल्लंघनों पर जुर्माना लगाया गया।
पुलिस अधिकारियों ने साफ किया कि ऐसे सघन अभियान भविष्य में भी जारी रहेंगे, ताकि नागरिकों की सुरक्षा, सार्वजनिक शांति और कानून व्यवस्था को हर हाल में बनाए रखा जा सके।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
