October 19, 2026

पन्ना में फिर चमकी किस्मत: वृद्ध मजदूर को दो हफ्ते में मिले तीन कीमती हीरे, कीमत 15 लाख से अधिक अनुमानित

0
9302410202514321558.webp

पन्ना । मध्य प्रदेश के पन्ना जिले की धरती ने एक बार फिर मेहनतकश गरीब की किस्मत बदल दी है। जिले के बेनिसागर निवासी वृद्ध मजदूर महादेव प्रसाद प्रजापति को दो हफ्ते के भीतर उथली हीरा खदान पटी से एक नहीं, बल्कि तीन कीमती और चमचमाते हीरे मिले हैं। उन्होंने इन तीनों हीरों को नियमानुसार हीरा कार्यालय में जमा कराया है।

जानकारी के अनुसार, महादेव प्रसाद ने करीब 20 दिन पहले ही अपना पट्टा लेकर हीरा खदान की खुदाई शुरू की थी, और उसी दौरान उन्हें क्रमशः 2.58 कैरेट, 2.75 कैरेट और 3.09 कैरेट के उच्च गुणवत्ता (जैम्स क्वालिटी) के हीरे मिले। इनका कुल वजन 8.42 कैरेट बताया गया है। विशेषज्ञ अनुपम सिंह के अनुसार, इन तीनों हीरों की अनुमानित बाजार कीमत 15 लाख रुपये से अधिक हो सकती है।

वृद्ध मजदूर महादेव प्रसाद प्रजापति ने बताया कि वह मजदूर तबके से हैं, कम सुनाई देता है और अब तक कच्चे मकान में रहते हैं। उन्होंने कहा कि नीलामी में मिलने वाली राशि से वे अपने परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने और पक्के घर का सपना पूरा करने की योजना बना रहे हैं।

हीरा कार्यालय के अधिकारियों ने बताया कि आज दो लोगों ने कुल चार हीरे जमा किए हैं, जिनमें महादेव प्रसाद के तीन हीरे शामिल हैं। वहीं, अक्टूबर माह में अब तक 10 हीरे और साल की शुरुआत से अब तक 68 हीरे विभिन्न खदानों से निकलकर हीरा कार्यालय में जमा किए जा चुके हैं।

पन्ना की धरती पर बार-बार निकलने वाले ऐसे कीमती हीरे इस बात का प्रतीक हैं कि मेहनत और किस्मत का संगम यहां की मिट्टी में बसता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed