बालोद में दर्दनाक घटना: थाने के बैरक में ASI हीरामन मंडावी ने की आत्महत्या, पुलिस महकमे में शोक की लहर
बालोद । जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। दल्लीराजहरा थाने में पदस्थ एएसआई हीरामन मंडावी ने थाने के बैरक में फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस विभाग में सनसनी फैल गई। सहकर्मियों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, एएसआई मंडावी लंबे समय से डिप्रेशन की समस्या से जूझ रहे थे। शनिवार सुबह जब जवान नियमित ड्यूटी के लिए तैयारी कर रहे थे, तभी एक जवान की नजर बैरक में पड़े इस दर्दनाक दृश्य पर पड़ी। एएसआई को पंखे के हुक से लटका देख जवानों के होश उड़ गए और पूरे थाने में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल की फॉरेंसिक टीम द्वारा जांच की जा रही है। हालांकि मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। फिलहाल पुलिस स्वजनों और सहकर्मियों से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया गया।
थाने के अन्य पुलिसकर्मियों ने बताया कि हीरामन मंडावी शांत और मिलनसार स्वभाव के थे। कभी अंदाजा नहीं हुआ कि वे इतने गहरे तनाव में हैं। बैरक के भीतर घटी इस आत्महत्या की घटना ने पूरे पुलिस महकमे को गहरे सदमे में डाल दिया है।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
