फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़: बीमा मैच्योरिटी के नाम पर करोड़ों की ठगी, 3 आरोपी गिरफ्तार
नोएडा से संचालित गिरोह का खुलासा, रायपुर के प्रार्थी से 9.60 लाख की ठगी
रायपुर। रायपुर पुलिस की एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फर्जी कॉल सेंटर के जरिए देशभर में करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस मामले में तीन आरोपियों को दिल्ली से गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों द्वारा बीमा पॉलिसी की मैच्योरिटी राशि दिलाने का झांसा देकर लोगों को ठगा जाता था। मामला तब सामने आया जब मुजगहन क्षेत्र निवासी परमजीत सिंह चड्डा ने शिकायत दर्ज कराई कि उन्हें नवंबर 2024 में कॉल कर बताया गया कि उनके नाम से 98.64 लाख रुपये की बीमा पॉलिसी मैच्योर हो चुकी है।
आरोपियों ने प्रोसेसिंग फीस, दस्तावेजी कार्यवाही, टैक्स और एनओसी के नाम पर अलग-अलग किश्तों में कुल 9,60,000 रुपये ठग लिए। संदेह होने पर जब पीड़ित ने दस्तावेजों की जांच कराई, तब फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में गठित टीम ने तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपियों को दिल्ली-एनसीआर में ट्रेस किया। जांच में पता चला कि नोएडा स्थित गौर सिटी मॉल में फर्जी कॉल सेंटर संचालित किया जा रहा था। आरोपी अपनी पहचान छिपाने के लिए फर्जी मोबाइल नंबर और बैंक खातों का इस्तेमाल करते थे तथा आवाज बदलकर महिला बनकर भी बात करते थे।
पुलिस ने मौके पर दबिश देकर अनिल कुमार, अजय तिवारी और रिंकू सिंह निवासी गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से तीन मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने देशभर में कई लोगों को इसी तरह झांसा देकर करोड़ों रुपये की ठगी करना स्वीकार किया है। पुलिस अन्य मामलों की भी जांच कर रही है। आरोपियों के खिलाफ मुजगहन थाने में बीएनएस की धारा 318(4) और आईटी एक्ट की धारा 66डी के तहत अपराध दर्ज किया गया है।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
