शोएब ढेबर की तलाश तेज, रायपुर में आधा दर्जन से ज्यादा ठिकानों पर पुलिस की दबिश; 25 करोड़ रंगदारी केस में कार्रवाई
रायपुर। कांग्रेस नेता आनंदमल कुकरेजा से कथित तौर पर 25 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगने के मामले में आरोपी शोएब ढेबर की तलाश तेज हो गई है। रायपुर पुलिस ने CJM कोर्ट से दोबारा गिरफ्तारी की अनुमति मिलने के बाद शहर में कई स्थानों पर दबिश दी। पुलिस ने बैरनबाजार, शंकर नगर और फाफाडीह समेत आधा दर्जन से अधिक ठिकानों पर जांच की।
पुलिस टीम ने बैरनबाजार स्थित अनवर ढेबर के निवास, शंकर नगर के पाल्म बेलाजियो अपार्टमेंट और फाफाडीह स्थित होटल वेलिंगटन कोर्ट समेत अन्य स्थानों पर तलाशी ली। फिलहाल पुलिस शोएब ढेबर की तलाश में जुटी हुई है।
क्या है पूरा मामला
पुलिस के मुताबिक, 14 सितंबर को आनंदमल कुकरेजा के मोबाइल पर विदेशी नंबर से WhatsApp के जरिए धमकी भरे संदेश भेजे गए थे। संदेशों में कथित तौर पर गैंग के नाम पर 25 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी गई थी और रकम नहीं देने पर कुकरेजा तथा उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई थी।
मामले में तेलीबांधा थाने में अपराध दर्ज करने के बाद एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और तेलीबांधा पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने शोएब ढेबर को हिरासत में लिया था। पुलिस ने उसके कब्जे से मामले से जुड़े पांच आईफोन भी जब्त किए थे, जिनकी कीमत करीब 5 लाख रुपए बताई गई थी।
कोर्ट से दोबारा गिरफ्तारी की अनुमति
शोएब ढेबर को पहले रिमांड कोर्ट में पेश किया गया था। इसके बाद कोर्ट के आदेश के तहत उसे स्वतंत्र किया गया। पुलिस ने नियमित अदालत में दोबारा गिरफ्तारी की अनुमति के लिए आवेदन दिया, जिसे CJM कोर्ट ने स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश और तेज कर दी है। पुलिस अब मामले में कथित धमकी, इस्तेमाल किए गए मोबाइल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
