ट्रांसपोर्ट नगर बस स्टैंड पर गांजा तस्करों को पुलिस ने दबोचा, 4 किलो से अधिक गांजा जब्त
ऑपरेशन आघात के तहत जूटमिल पुलिस की कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार; जब्त गांजे की कीमत करीब 60 हजार रुपये
रायगढ़ । जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए रायगढ़ पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत जूटमिल पुलिस ने गांजा तस्करी के मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने ट्रांसपोर्ट नगर बस स्टैंड के सामने घेराबंदी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 4 किलो 068 ग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 60 हजार रुपये बताई गई है। दोनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बिछाया जाल
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 26 नवंबर 2026 को थाना जूटमिल पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि दो व्यक्ति सारंगढ़ रोड की ओर से यात्री बस में सवार होकर गांजा लेकर रायगढ़ पहुंच रहे हैं। दोनों के पास पिट्ठू बैग है, जिसमें गांजा रखकर बिक्री के उद्देश्य से लाया जा रहा है। वे ट्रांसपोर्ट नगर बस स्टैंड की ओर आने वाले हैं।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी जूटमिल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल पुलिस टीम को मौके पर रवाना किया। पुलिस टीम ट्रांसपोर्ट नगर बस स्टैंड पहुंची और संदिग्धों की तलाश शुरू की। इसी दौरान मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए के दो व्यक्ति यात्री बस से उतरकर पिट्ठू बैग लेकर बजरंगपारा की ओर जाते दिखाई दिए।
लोक सेवा केंद्र के पीछे मैदान में पकड़े गए दोनों आरोपी
पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए ट्रांसपोर्ट नगर बस स्टैंड के सामने स्थित लोक सेवा केंद्र के पीछे बजरंगपारा मैदान में दोनों संदिग्धों को रोककर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान उन्होंने अपना नाम गोविन्द भट्ठ उर्फ बुटू (56 वर्ष), पिता स्वर्गीय बादल भट्ठ तथा मंजे देवार (26 वर्ष), पिता माखन देवार बताया। दोनों आरोपी सोनुमुड़ा देवारपारा, वार्ड क्रमांक 38, थाना जूटमिल, जिला रायगढ़ के निवासी हैं।
इसके बाद पुलिस ने नियमानुसार दोनों संदिग्धों के पास रखे बैग की तलाशी ली। तलाशी के दौरान खाकी एवं हरे रंग की पन्नियों में लिपटा हुआ गांजा बरामद हुआ। पुलिस द्वारा गांजे का वजन कराने पर कुल 4 किलो 068 ग्राम पाया गया। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत लगभग 60 हजार रुपये आंकी गई है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज, न्यायिक रिमांड पर भेजे गए आरोपी
पुलिस ने बरामद गांजे को विधिवत जब्त कर दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना जूटमिल में अपराध दर्ज किया। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
ऑपरेशन आघात के तहत लगातार जारी है कार्रवाई
इस कार्रवाई में थाना जूटमिल के निरीक्षक अभिनव कांत, प्रशिक्षु उप निरीक्षक वेदवती कुमेटी, सहायक उप निरीक्षक हेमंत कश्यप, आरक्षक दिनेश गोंड, भूषण मिरी, सुशील यादव, तरुण महिलाने एवं महिला आरक्षक एलिसा टोप्पो की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
रायगढ़ पुलिस द्वारा ‘ऑपरेशन आघात’ के माध्यम से जिले में अवैध शराब, गांजा एवं अन्य मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों पर लगातार नजर रखी जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई से नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार को रोकने के लिए अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
