ऑपरेशन आघात के तहत खरसिया पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध महुआ शराब बेचते एक महिला समेत तीन गिरफ्तार
तीन अलग-अलग स्थानों पर पुलिस ने दी दबिश, 35 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त, 5,700 रुपये आंकी गई कीमत
रायगढ़ । जिले में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने और नशे के अवैध व्यापार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के उद्देश्य से रायगढ़ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में संचालित अभियान ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत खरसिया पुलिस ने अवैध महुआ शराब की बिक्री के खिलाफ एक ही दिन में तीन अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने इस कार्रवाई में एक महिला सहित तीन शराब विक्रेताओं को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुल 35 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 5,700 रुपये बताई गई है।
यह पूरी कार्रवाई एसडीओपी खरसिया सतीश भार्गव के सतत पर्यवेक्षण तथा चौकी प्रभारी खरसिया निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी के नेतृत्व में की गई। पुलिस को मुखबिरों से मिली अलग-अलग सूचनाओं के आधार पर ग्राम गोपी महका और महुआपाली क्षेत्र में दबिश देकर अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त आरोपियों को पकड़ा गया।
गोपी महका में 10 लीटर महुआ शराब के साथ युवक गिरफ्तार
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 27 नवंबर को चौकी प्रभारी खरसिया को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम गोपी महका में एक व्यक्ति अवैध रूप से महुआ शराब बिक्री के लिए रखे हुए है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने गवाहों के साथ ग्राम गोपी महका स्थित एयरटेल टॉवर के सामने घेराबंदी की। इस दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा गया। पूछताछ में उसने अपना नाम सुरेन्द्र कुमार सिदार (31 वर्ष), पिता दुकालू राम, निवासी रतन महका, चौकी खरसिया, जिला रायगढ़ बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे में रखे सफेद रंग के जरिकेन और हरे रंग की प्लास्टिक बोतल से कुल 10 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद हुई। इसकी अनुमानित कीमत 2,000 रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 611/2026 के तहत धारा 34(2), 59(क) आबकारी एक्ट के अंतर्गत कार्रवाई की।
महुआपाली मालधक्का रोड पर 13 लीटर शराब जब्त
इसी क्रम में दूसरी कार्रवाई ग्राम महुआपाली के मालधक्का रोड के पास की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक युवक बोरी में महुआ शराब लेकर बिक्री के लिए जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध युवक को रोककर पूछताछ की। युवक ने अपना नाम सुशील बघेल (19 वर्ष), पिता ननकी बघेल, निवासी महुआपाली, चौकी खरसिया, जिला रायगढ़ बताया। पुलिस द्वारा बोरी की तलाशी लेने पर उसमें से 13 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद हुई, जिसकी कीमत लगभग 1,300 रुपये आंकी गई। इस मामले में आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 609/2026 के तहत धारा 34(2), 59(क) आबकारी एक्ट के अंतर्गत वैधानिक कार्रवाई की गई।
महुआपाली में महिला के कब्जे से मिली 12 लीटर शराब
तीसरी कार्रवाई भी महुआपाली के मालधक्का रोड पर की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि यहां कुछ लोग अवैध महुआ शराब की बिक्री के लिए ग्राहकों का इंतजार कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम गवाहों के साथ मौके पर पहुंची और दबिश दी। इस दौरान एक महिला सफेद-लाल रंग का थैला लेकर मिली। पूछताछ में महिला ने अपना नाम यशोदा बाई सतनामी (41 वर्ष), पिता स्वर्गीय भीखम सतनामी, निवासी महुआपाली, चौकी खरसिया बताया। पुलिस ने जब उसके थैले की तलाशी ली तो उसमें बिक्री के लिए रखी 12 लीटर हाथ भट्ठी की कच्ची महुआ शराब बरामद हुई। जब्त शराब की कीमत लगभग 2,400 रुपये बताई गई है। पुलिस ने महिला के विरुद्ध अपराध क्रमांक 610/2026 के तहत धारा 34(2), 59(क) आबकारी एक्ट के अंतर्गत कार्रवाई की।
नशे के अवैध कारोबार पर पुलिस की लगातार नजर
खरसिया पुलिस की इन तीनों अलग-अलग कार्रवाइयों में कुल 35 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की गई है, जिसकी कुल अनुमानित कीमत 5,700 रुपये है। पुलिस ने एक महिला सहित तीन आरोपियों के विरुद्ध आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है।
इस पूरी कार्रवाई में चौकी प्रभारी खरसिया निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी, प्रशिक्षु उप निरीक्षक लता साहू, प्रधान आरक्षक राम प्रसाद चौहान, अनंत तिवारी, महिला प्रधान आरक्षक ममता मिंज, आरक्षक साविल चंद्रा, सिदार सिंह एवं महिला आरक्षक प्रियंका मिंज की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
रायगढ़ पुलिस द्वारा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत जिले में अवैध शराब एवं मादक पदार्थों के कारोबार के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
