October 19, 2026

बालोद जिले में रजिस्ट्री दरों में बड़ी राहत, स्वाधीन जैन की पहल लाई रंग मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और चैंबर ऑफ कॉमर्स का जताया आभार

0
IMG-20260220-WA0248.jpg



दल्ली,राजहरा । बालोद जिले के आम नागरिकों, किसानों और छोटे व्यापारियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। जिले में रजिस्ट्री दरों में की गई भारी कटौती से लोगों के चेहरे खिल उठे हैं। छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स के प्रदेश मंत्री एवं दल्ली राजहरा के समाजसेवी स्वाधीन जैन ने इस निर्णय के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स के प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी के प्रति आभार व्यक्त किया है।

स्वाधीन जैन ने बताया कि उन्होंने पूर्व में राज्य सरकार को पत्र लिखकर बालोद जिले में रजिस्ट्री दरों में की गई अत्यधिक वृद्धि से उत्पन्न आर्थिक दबाव की ओर ध्यान आकृष्ट कराया था। उनका कहना था कि बालोद जैसे कृषि प्रधान और ग्रामीण बहुल जिले में अत्यधिक रजिस्ट्री दरें आमजन, किसानों और छोटे व्यापारियों के लिए बड़ा बोझ बन गई थीं। उन्होंने मांग की थी कि बालोद जिले में भी रायपुर और कोरबा जैसे जिलों की तर्ज पर व्यवहारिक रजिस्ट्री दरें लागू की जाएं।

राज्य सरकार ने इस मांग को गंभीरता से लेते हुए संशोधन आदेश जारी किया, जिससे जिले में जमीन रजिस्ट्री दरों में उल्लेखनीय कमी आई है। संशोधन के बाद मुख्य मार्ग से लगी जमीन की रजिस्ट्री दर, जो पहले 200 प्रतिशत तक बढ़ाई गई थी, अब घटाकर 84 प्रतिशत कर दी गई है। इससे करीब 116 प्रतिशत की सीधी राहत मिलेगी। वहीं, अंदरूनी क्षेत्रों की जमीन, जिसकी रजिस्ट्री दर पहले 180 प्रतिशत तक थी, अब घटाकर 83 प्रतिशत कर दी गई है, जिससे लगभग 97 प्रतिशत की कमी आई है।

यह संशोधित दरें 20 नवंबर 2025 के आदेश के बाद प्रभावी मानी जाएंगी और इसका लाभ अब जिले के सभी नागरिकों को मिलेगा। स्वाधीन जैन ने कहा कि यह फैसला बालोद जिले के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि यहां की अर्थव्यवस्था मुख्यतः कृषि और ग्रामीण गतिविधियों पर आधारित है। जमीन की खरीद-फरोख्त यहां आम जीवन से जुड़ी एक बड़ी जरूरत है।

उन्होंने कहा, “रजिस्ट्री दरों में कमी से अब जमीन खरीदना सुलभ होगा। इससे जिले में निवेश बढ़ेगा, व्यापारिक गतिविधियों को गति मिलेगी और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। यह निर्णय बालोद की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने वाला साबित होगा।”

सरकार के इस फैसले से जिले में सकारात्मक माहौल बना है और लोगों को उम्मीद है कि आने वाले समय में इससे विकास की नई राह खुलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed