संविधान दिवस पर रायगढ़ पुलिस ने ली शपथ, संवैधानिक मूल्यों की रक्षा का लिया संकल्प
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कराया संविधान की उद्देशिका का सामूहिक वाचन
न्याय, समानता और स्वतंत्रता के आदर्शों को आत्मसात कर निष्पक्षता एवं संवेदनशीलता से कर्तव्य निभाने का आह्वान
रायगढ़ । भारतीय लोकतंत्र की आधारशिला एवं देश के सर्वोच्च कानून भारतीय संविधान के प्रति सम्मान और निष्ठा प्रकट करने के उद्देश्य से संविधान दिवस के अवसर पर रायगढ़ पुलिस कार्यालय में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भारतीय संविधान की उद्देशिका (प्रस्तावना) का सामूहिक वाचन कराते हुए संवैधानिक मूल्यों एवं आदर्शों के पालन की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में उपस्थित पुलिसकर्मियों ने संविधान की गरिमा बनाए रखने तथा अपने शासकीय दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, निष्पक्षता और संवेदनशीलता के साथ करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान एसएसपी शशि मोहन सिंह ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय संविधान हमारे लोकतंत्र की आधारशिला है। संविधान प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता, न्याय और गरिमा के साथ जीवन जीने का अधिकार प्रदान करता है। संविधान में निहित मूल्यों एवं सिद्धांतों का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक के साथ-साथ शासकीय सेवकों की भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग की भूमिका केवल कानून व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि संविधान की भावना के अनुरूप नागरिकों के अधिकारों एवं स्वतंत्रता की रक्षा करना भी पुलिस का प्रमुख दायित्व है। पुलिसकर्मियों को समाज के प्रत्येक वर्ग के साथ समान व्यवहार करना चाहिए तथा किसी भी परिस्थिति में निष्पक्षता, अनुशासन और विधि के शासन से समझौता नहीं करना चाहिए।
निष्पक्षता और मानवीय संवेदना के साथ करें कर्तव्यों का निर्वहन
एसएसपी ने कहा कि पुलिस की कार्यप्रणाली में संवैधानिक आदर्शों का विशेष महत्व है। आम नागरिकों के साथ व्यवहार करते समय मानवीय संवेदना, धैर्य और न्यायपूर्ण दृष्टिकोण बनाए रखना आवश्यक है। प्रत्येक पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी को अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते समय संविधान में दिए गए अधिकारों, स्वतंत्रता और समानता के सिद्धांतों को ध्यान में रखना चाहिए। उन्होंने सभी को अपने कार्यों में पारदर्शिता एवं जवाबदेही बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
संविधान निर्माताओं के योगदान को किया याद
इस अवसर पर भारतीय संविधान के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले संविधान सभा के सभी सदस्यों एवं महान संविधान निर्माताओं को नमन करते हुए उनके योगदान का स्मरण किया गया। उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने लोकतांत्रिक मूल्यों का सम्मान करने, संविधान की गरिमा बनाए रखने तथा आम नागरिकों के प्रति सेवा, सुरक्षा और न्याय की भावना से कार्य करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में डीएसपी सुशांतो बनर्जी सहित पुलिस कार्यालय के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। संविधान दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से पुलिसकर्मियों को संवैधानिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक रहने और कानून के शासन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का संदेश दिया गया।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
