बालानी चौक पर अंधेरा कायम, बंद पड़ी हाई मास्क लाईट्स से बढ़ी परेशानी
व्यस्त रेस्ट हाउस–बाईपास क्षेत्र में दुर्घटना व असामाजिक गतिविधियों का खतरा, नगर पालिका की अनदेखी पर उठे सवाल
मुंगेली । शहर का प्रमुख और अत्यधिक व्यस्त रेस्ट हाउस–बाईपास स्थित बालानी चौक इन दिनों अंधेरे की चपेट में है। चौक पर स्थापित हाईमास्ट लाइट लंबे समय से बंद पड़ी हुई हैं, जिससे रात के समय यहां पूरी तरह अंधकार पसरा रहता है। इस कारण न केवल आम नागरिकों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, बल्कि दुर्घटनाओं और आपराधिक घटनाओं की आशंका भी बढ़ गई है। नगर पालिका परिषद की लापरवाही को लेकर नागरिकों में नाराजगी साफ तौर पर देखी जा रही है।
जानकारी के अनुसार, बालानी चौक शहर का एक महत्वपूर्ण जंक्शन है, जहां से दिन-रात भारी संख्या में वाहनों की आवाजाही होती है। इसके अलावा यह स्थान विभिन्न कॉलोनियों और बाजार क्षेत्रों को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग भी है। ऐसे में यहां पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था अत्यंत आवश्यक है, लेकिन हाईमास्ट लाइट बंद होने से पूरा क्षेत्र अंधेरे में डूब गया है। रात के समय वाहन चालकों को रास्ता स्पष्ट नजर नहीं आने के कारण दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
स्थानीय रहवासियों और व्यापारियों का कहना है कि यह समस्या पिछले कई महीनों से बनी हुई है। उन्होंने कई बार नगर पालिका परिषद को मौखिक एवं लिखित शिकायतें भी दीं, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। लोगों का आरोप है कि नगर पालिका का अमला इस गंभीर समस्या को लेकर उदासीन बना हुआ है और केवल औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।
अंधेरे के कारण क्षेत्र में असामाजिक तत्वों की गतिविधियां भी बढ़ने लगी हैं। देर रात संदिग्ध लोगों की आवाजाही से स्थानीय नागरिकों में भय का माहौल है। विशेषकर महिलाओं और बुजुर्गों को रात में इस मार्ग से गुजरने में असुरक्षा महसूस होती है। वहीं आसपास के दुकानदारों को चोरी जैसी घटनाओं का भी डर सताने लगा है।
नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते हाई मास्क लाईट्स को दुरुस्त नहीं किया गया, तो किसी बड़े हादसे से इंकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए तत्काल लाइट व्यवस्था को सुधार किया जाए। साथ ही भविष्य में इस तरह की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए नियमित रखरखाव की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए।
इस पूरे मामले में नगर पालिका परिषद के जिम्मेदार अधिकारियों की चुप्पी भी कई सवाल खड़े कर रही है। शहर के प्रमुख चौक पर बुनियादी सुविधाओं का अभाव प्रशासनिक उदासीनता को उजागर करता है। अब देखना यह होगा कि नगर पालिका परिषद इस समस्या पर कब तक ध्यान देती है और शहरवासियों को राहत कब मिल पाती है।




The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
