भनपुरी में 4 किलो 496 ग्राम गांजा के साथ दो आरोपी गिरफ्तार, स्कूटी भी जब्त
रायपुर। अवैध रूप से मादक पदार्थ गांजा की बिक्री हेतु परिवहन करने वाले दो आरोपियों को रायपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 4 किलो 496 ग्राम गांजा एवं एक स्कूटी जब्त की गई है। जप्त मशरूका की कुल कीमत लगभग 3 लाख 20 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ) मयंक गुर्जर के निर्देशानुसार नशे की रोकथाम और मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना खमतराई पुलिस को सूचना मिली कि दो व्यक्ति विजय नगर भनपुरी से अरोरा धर्मकांटा भनपुरी की ओर स्कूटी से गांजा लेकर जा रहे हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने अरोरा धर्मकांटा भनपुरी के पास घेराबंदी कर संदिग्ध स्कूटी को रोका। स्कूटी में सवार दो व्यक्तियों से पूछताछ करने पर उन्होंने अपना नाम शिव कुमार ढीमर (27 वर्ष) निवासी सुभाष नगर बीएसयूपी कॉलोनी तथा शुभम घोष (29 वर्ष) निवासी शिव चौक, राजा तालाब रायपुर बताया।
पुलिस द्वारा स्कूटी की तलाशी लेने पर एक थैले और स्कूटी की डिग्गी से कुल 4 किलो 496 ग्राम गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने गांजा के साथ-साथ परिवहन में प्रयुक्त टीवीएस जूपिटर स्कूटी को भी जब्त कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि वे उक्त गांजा उड़ीसा से लाकर रायपुर में बिक्री के लिए परिवहन कर रहे थे। आरोपियों के खिलाफ थाना खमतराई में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 (बी) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस पूरी कार्रवाई में खमतराई थाना पुलिस की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
