October 19, 2026

*हिंदी पेपर लीक: 12वीं परीक्षा निरस्त, अब 10 अप्रैल को होगी पुनर्परीक्षा*

0
IMG-20260323-WA0142.jpg



*सोशल मीडिया पर वायरल प्रश्नपत्र की पुष्टि के बाद मंडल का बड़ा फैसला, लाखों छात्र दोबारा देंगे परीक्षा*

रायपुर। छत्तीसगढ़ में 12वीं बोर्ड परीक्षा के हिंदी विषय का पेपर लीक होने की पुष्टि के बाद माध्यमिक शिक्षा मंडल ने परीक्षा को निरस्त कर दिया है। इस फैसले से प्रदेश के लाखों छात्र प्रभावित हुए हैं, जिन्हें अब पुनः परीक्षा देनी होगी। मंडल ने नई तिथि 10 अप्रैल तय करते हुए संशोधित समय-सारिणी जारी कर दी है।

जानकारी के अनुसार 14 मार्च 2026 को आयोजित हिंदी विषय की परीक्षा के बाद 15 और 16 मार्च के बीच प्रश्नपत्र सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि वायरल हुआ सेट ‘बी’ का प्रश्नपत्र वही था, जो छात्रों को परीक्षा में दिया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर थाना और सिटी कोतवाली में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई।

विस्तृत जांच के बाद पेपर लीक की पुष्टि होने पर माध्यमिक शिक्षा मंडल ने परीक्षा निरस्त करने का निर्णय लिया। अब यह परीक्षा 10 अप्रैल को सुबह 9 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक आयोजित की जाएगी। विद्यार्थियों को पूर्व में जारी एडमिट कार्ड के आधार पर ही परीक्षा में शामिल होना होगा और केवल वही छात्र परीक्षा देंगे, जिन्होंने पहले यह पेपर दिया था।

मंडल द्वारा जारी नई समय-सारिणी के अनुसार विद्यार्थियों को सुबह 9 बजे तक परीक्षा केंद्र में उपस्थित होना अनिवार्य होगा। 9:05 बजे उत्तर पुस्तिकाओं का वितरण होगा और 9:10 बजे से परीक्षा प्रारंभ होगी, जो 12:15 बजे समाप्त होगी।

घटना के बाद अब पुनर्परीक्षा को निष्पक्ष और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराना मंडल के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। इसके लिए अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी निगरानी की तैयारी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed