24 घंटे में अंधे कत्ल का खुलासा
पति की हत्या में पत्नी ही निकली आरोपी
उप निरीक्षक शोभा यादव की सूझबूझ और सघन पूछताछ से टूटी आरोपी की चुप्पी
मुंगेली। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के कुशल निर्देशन में थाना पथरिया क्षेत्र के ग्राम गंगद्वारी में हुए सनसनीखेज अंधे कत्ल का मुंगेली पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। इस जघन्य हत्या के मामले में मृतक की पत्नी रूजेश्वरी राजपूत ही हत्यारिन निकली, जिसने पति से प्रताड़ना से परेशान होकर सोते समय कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी।
इस पूरे प्रकरण के खुलासे में थाना अजाक से संबद्ध उप निरीक्षक शोभा यादव की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण और निर्णायक रही, जिनकी सूक्ष्म विवेचना, मनोवैज्ञानिक दृष्टिकोण और संवेदनशील पूछताछ से आरोपी की साजिश बेनकाब हुई।
झूठी कहानी से पुलिस को भटकाने की कोशिश
पथरिया। 24 जनवरी को रूजेश्वरी राजपूत ने थाना पथरिया में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि रात्रि करीब 3 बजे किसी अज्ञात व्यक्ति ने घर में घुसकर उसके पति आजूराम राजपूत (51 वर्ष) की हत्या कर दी। सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर अपराध क्रमांक 18/26 धारा 103 बीएनएस के तहत विवेचना शुरू की।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा एवं उप पुलिस अधीक्षक नवनीत पाटिल के मार्गदर्शन में जांच प्रारंभ की गई। घटनास्थल का फॉरेंसिक परीक्षण कर खून लगी मिट्टी व सादी मिट्टी जप्त की गई।
उप निरीक्षक शोभा यादव की सूझबूझ से टूटी गुत्थी
विवेचना के दौरान उप निरीक्षक शोभा यादव ने घटनास्थल की बारीकी से जांच करते हुए कई अहम विरोधाभासों को चिन्हित किया। उन्होंने देखा कि कथित “बाहरी व्यक्ति” के प्रवेश या संघर्ष के कोई ठोस निशान नहीं थे। साथ ही, मृतक और पत्नी के पारिवारिक संबंधों, पूर्व विवादों तथा आरोपी के बयान में बार-बार हो रहे बदलावों पर उन्होंने विशेष ध्यान दिया।
महिला अधिकारी होने के नाते उप निरीक्षक शोभा यादव ने आरोपी से संवेदनशील एवं मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ की। लगातार पूछताछ और साक्ष्यों के सामने आने पर आखिरकार रूजेश्वरी टूट गई और उसने हत्या करना स्वीकार कर लिया।
रात में लिया हत्या का फैसला
आरोपी ने बताया कि 23 जनवरी की रात मृतक खाना खाकर नव-निर्माणाधीन प्रधानमंत्री आवास गया था और रात करीब 12 बजे लौटकर सो गया। तड़के लगभग 3 बजे पूर्व विवाद और मानसिक तनाव के चलते उसने घर में रखी लोहे की टंगिया से मृतक के सिर, चेहरे, गले, सीने और पेट पर कई वार कर उसकी हत्या कर दी। बाद में चोरी की झूठी कहानी गढ़कर पड़ोसियों को गुमराह करने का प्रयास किया।
सबूत जप्त, आरोपी जेल दाखिल
आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लोहे की कुल्हाड़ी और खून से सनी साड़ी गवाहों के समक्ष जप्त की गई। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर 24 जनवरी की रात 8:30 बजे आरोपी को गिरफ्तार कर 25 जनवरी को न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया।
टीमवर्क की मिसाल बनी कार्रवाई
इस सफल खुलासे में निरीक्षक प्रसाद सिन्हा (सायबर सेल प्रभारी), उप निरीक्षक गिरजाशंकर यादव (थाना प्रभारी पथरिया), उप निरीक्षक शोभा यादव (थाना अजाक) सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों व कर्मचारियों की सराहनीय भूमिका रही। विशेष रूप से उप निरीक्षक शोभा यादव की सतर्कता, अनुभव और महिला दृष्टिकोण ने इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाने में अहम भूमिका निभाई, जिसकी पुलिस विभाग और क्षेत्र में व्यापक सराहना हो रही है।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
