October 19, 2026

ऑक्सीजोन निर्माण से प्रभावित 69 दुकानदारों को बड़ी राहत

0
IMG-20260112-WA1416.jpg

एमआईसी में संकल्प पारित, क्रिस्टल आर्केड के सामने शीघ्र मिलेगा व्यवस्थापन

रायपुर। राजधानी रायपुर में ऑक्सीजोन निर्माण के लिए करीब आठ वर्ष पूर्व खालसा स्कूल के सामने से हटाए गए 69 दुकानदारों के पुनर्वास का रास्ता अब साफ हो गया है। नगर पालिक निगम रायपुर की मेयर-इन-काउंसिल (एमआईसी) की बैठक में इस संबंध में महत्वपूर्ण संकल्प पारित किया गया है। संकल्प के अनुसार सभी प्रभावित दुकानदारों को क्रिस्टल आर्केड के सामने शीघ्र ही उचित स्थान पर व्यवस्थापन प्रदान किया जाएगा।

इस निर्णय से लंबे समय से पुनर्वास की प्रतीक्षा कर रहे दुकानदारों में खुशी का माहौल है। एमआईसी में संकल्प पारित होने की जानकारी मिलते ही प्रभावित दुकानदार नगर निगम मुख्यालय पहुंचे और महापौर मीनल चौबे से मुलाकात कर आभार जताया। दुकानदारों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर वर्षों से लंबित समस्या के समाधान के लिए धन्यवाद दिया।

महापौर मीनल चौबे ने दुकानदारों से चर्चा करते हुए कहा कि शहर के विकास कार्यों के साथ-साथ प्रभावित लोगों के हितों की रक्षा करना नगर निगम की प्राथमिकता है। ऑक्सीजोन जैसे जनहितकारी प्रोजेक्ट के कारण जिन दुकानदारों को हटाया गया था, उनके पुनर्वास को लेकर निगम संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रहा है। एमआईसी में पारित संकल्प के अनुरूप अब सभी 69 दुकानदारों को नियमानुसार क्रिस्टल आर्केड के सामने स्थान उपलब्ध कराया जाएगा।

प्रभावित दुकानदारों की ओर से उमेश नामदेव और परेश चौहान ने कहा कि वे पिछले आठ वर्षों से पुनर्वास की मांग कर रहे थे। कई बार आश्वासन मिले, लेकिन अब ठोस निर्णय होने से उन्हें राहत मिली है। उन्होंने कहा कि यह फैसला उनकी आजीविका और भविष्य के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।

इस अवसर पर नगर निगम के पूर्व पार्षद दिलीप किरण सारथी और वरिष्ठ पत्रकार अनिरुद्ध दुबे भी उपस्थित रहे। सभी ने एमआईसी के इस निर्णय को सकारात्मक और मानवीय बताते हुए नगर निगम प्रशासन की सराहना की।

नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि व्यवस्थापन की प्रक्रिया शीघ्र पूरी की जाएगी, ताकि प्रभावित दुकानदार बिना किसी और विलंब के अपने व्यवसाय को पुनः सुचारु रूप से शुरू कर सकें। यह निर्णय राजधानी रायपुर में विकास के साथ-साथ सामाजिक न्याय का उदाहरण माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed