October 19, 2026

अवैध निर्माण पर नगर निगम की बड़ी कार्रवाई

0
IMG-20260112-WA1487.jpg

जोन 7 नगर निवेश विभाग ने 4 अवैध दुकानें तोड़ीं, अवैध प्लाटिंग पर लगाई रोक

रायपुर। नगर पालिक निगम रायपुर द्वारा अवैध निर्माण और अवैध प्लाटिंग के खिलाफ लगातार सख्त रुख अपनाया जा रहा है। इसी क्रम में नगर निगम आयुक्त विश्वदीप के आदेशानुसार एवं जोन 7 जोन कमिश्नर राकेश शर्मा के निर्देश पर जोन 7 नगर निवेश विभाग ने व्यापक अभियान चलाकर कई स्थानों पर प्रभावी कार्रवाई की।

कार्यपालन अभियंता ईश्वर लाल टावरे के नेतृत्व में सहायक अभियंता अरविन्द राहुल एवं उप अभियंता राहुल थरानी की उपस्थिति में जोन 7 की टीम ने वार्ड क्रमांक 22 अंतर्गत सरोना मार्ग क्षेत्र में अभियान चलाया। इस दौरान बिना अनुमति निर्मित लगभग चार अवैध दुकानों को मौके पर ही तोड़ने की कार्रवाई की गई। निगम अधिकारियों के अनुसार ये दुकानें बिना वैधानिक स्वीकृति के बनाई गई थीं, जिससे क्षेत्र में अव्यवस्था और यातायात बाधित हो रहा था।

इसके साथ ही सरदार वल्लभभाई पटेल वार्ड क्रमांक 24 के अंतर्गत रामनगर गुलमोहर पार्क क्षेत्र में की जा रही अवैध प्लाटिंग पर भी नगर निगम ने कार्रवाई की। टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध रूप से की जा रही प्लाटिंग को रोकते हुए संबंधित लोगों को चेतावनी दी और आगे किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि न करने के निर्देश दिए।

इसी तरह वार्ड क्रमांक 22 के आजाद नगर मार्ग, सरोना क्षेत्र में भी अवैध प्लाटिंग की सूचना पर नगर निवेश विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्थल पर कारगर रोक लगाई। निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिना अनुमति भूमि का विभाजन और विक्रय नियमों के विरुद्ध है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

वहीं जोन 7 की टीम ने सरोना मार्ग पर इंडियन पेट्रोल पंप के सामने बिना अनुमति किए गए निर्माण को भी हटाने की कार्रवाई की। अधिकारियों ने बताया कि सार्वजनिक मार्ग पर अथवा बिना स्वीकृति किए गए किसी भी निर्माण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर को अवैध निर्माण और अनियंत्रित प्लाटिंग से मुक्त रखने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। नागरिकों से अपील की गई है कि किसी भी प्रकार के निर्माण या प्लाटिंग से पूर्व नगर निगम से विधिवत अनुमति अवश्य प्राप्त करें, अन्यथा कठोर कार्रवाई के लिए तैयार रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed