October 18, 2026

सड़क पर निर्माण सामग्री रखना पड़ा भारी

0
IMG-20260112-WA1103.jpg

जोन 9 की सख्ती, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी सड्डू में सामग्री जब्त, 2000 रुपये का जुर्माना

रायपुर। नगर पालिक निगम रायपुर द्वारा सार्वजनिक सड़कों को अतिक्रमण और अवरोध से मुक्त रखने के लिए लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में नगर निगम आयुक्त विश्वदीप के आदेशानुसार एवं जोन 9 जोन कमिश्नर अंशुल शर्मा सीनियर के निर्देश पर जोन 9 की टीम ने महात्मा गांधी वार्ड क्रमांक 8 अंतर्गत हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, सड्डू क्षेत्र में सड़क पर भवन निर्माण सामग्री रखकर आवागमन बाधित करने के मामले में त्वरित कार्रवाई की।

प्राप्त जनशिकायत के आधार पर नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची, जहां सड़क पर गिट्टी, रेत एवं अन्य निर्माण सामग्री रखे जाने से आम नागरिकों को आवागमन में परेशानी हो रही थी। जांच के बाद संबंधित भवन स्वामी को दोषी पाए जाने पर तत्काल 2000 रुपये का जुर्माना लगाया गया। इसके साथ ही जेसीबी मशीन की सहायता से सड़क पर रखी गई निर्माण सामग्री को जब्त कर सड़क को पूरी तरह से मुक्त कराया गया।

यह कार्रवाई कार्यपालन अभियंता शरद ध्रुव, सहायक अभियंता सैयद जोहेब एवं उपअभियंता आशुतोष पाण्डेय की उपस्थिति में की गई। निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सड़क पर किसी भी प्रकार की निर्माण सामग्री रखना नियमों के विरुद्ध है और इससे जनसुरक्षा व यातायात दोनों प्रभावित होते हैं।

नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि वे भवन निर्माण के दौरान सामग्री को निजी परिसर के भीतर ही रखें तथा सार्वजनिक सड़क, नाली या फुटपाथ को बाधित न करें। भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर और भी कठोर कार्रवाई की जाएगी। निगम की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली और प्रशासनिक सख्ती की सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed