October 19, 2026

मोडिफाइड साइलेंसरों पर पुलिस का बुलडोजर एक्शन

0
IMG-20260112-WA1324.jpg

सैकड़ों अवैध साइलेंसर जब्त कर नष्ट, युवाओं व दुकानदारों को सख्त चेतावनी

बिलासपुर। शहर में बढ़ते ध्वनि प्रदूषण और आम नागरिकों की परेशानी को गंभीरता से लेते हुए बिलासपुर पुलिस ने मोडिफाइड साइलेंसरों के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी और कड़ी कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर थाना एवं यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने सैकड़ों की संख्या में अवैध मोडिफाइड साइलेंसर जब्त कर उन पर बुलडोजर चलाकर नष्टीकरण किया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार बुलेट, स्पोर्ट्स बाइक एवं अन्य दोपहिया वाहनों में लगाए जा रहे मोडिफाइड साइलेंसरों से निकलने वाली अत्यधिक तेज और कानफोड़ू आवाज के कारण बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और मरीजों को गंभीर शारीरिक व मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ता है। इस संबंध में न्यायालय और वरिष्ठ कार्यालयों से लगातार सख्त दिशा-निर्देश प्राप्त हो रहे थे, जिसके पालन में यह विशेष अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों में वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मोडिफाइड साइलेंसर लगे वाहनों को रोका गया और साइलेंसर हटवाकर मानक स्तर के साइलेंसर लगाने की हिदायत दी गई। साथ ही जिले की ऑटोमोबाइल दुकानों में औचक निरीक्षण कर अवैध मोडिफाइड साइलेंसर जब्त किए गए। पुलिस ने स्पष्ट किया कि भविष्य में यदि कोई ऑटो पार्ट्स दुकानदार मोडिफाइड साइलेंसर का विक्रय करते पाया गया, तो उसकी दुकान को ब्लैकलिस्ट करने का प्रतिवेदन भेजा जाएगा।

गैरेज संचालकों को भी निर्देशित किया गया है कि यदि उनके यहां मोडिफाइड साइलेंसर लगे वाहन आते हैं, तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने दुकानदारों को तेज आवाज वाले साइलेंसर बेचने के बजाय आईएसआई मार्क वाले गुणवत्तापूर्ण हेलमेट के विक्रय पर जोर देने की सलाह दी, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में लोगों की जान जोखिम में न पड़े।

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि मोडिफाइड साइलेंसर कानूनन अवैध हैं और इनका उपयोग मोटर वाहन अधिनियम का उल्लंघन है। इसके बावजूद यदि कोई वाहन चालक मोडिफाइड साइलेंसर का उपयोग करता पाया गया, तो उसके खिलाफ सख्त और प्रभावी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

विशेष रूप से युवाओं को संदेश देते हुए पुलिस ने कहा कि बुलेट या स्पोर्ट्स बाइक में मोडिफाइड साइलेंसर लगाना न तो फैशन है और न ही शान, बल्कि यह दुर्घटना, भय और पर्यावरण प्रदूषण का कारण बनता है। युवाओं को सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए केवल मानक साइलेंसर का ही उपयोग करना चाहिए।

इस कार्रवाई के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे, डीएसपी शिवचरण परिहार, टीआई वीरेंद्र नेताम सहित यातायात विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। पुलिस की इस कार्रवाई को शहरवासियों ने सराहा है और इसे जनहित में उठाया गया मजबूत कदम बताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed