हितग्राहियों को नहीं मिली एनटीपीसी की क्षतिपूर्ति राशि, ग्रामीणों ने तहसील कार्यालय के सामने किया प्रदर्शन
कोरबा । एनटीपीसी द्वारा राखड़ प्रभावित क्षेत्रों के लिए दी जाने वाली क्षतिपूर्ति राशि का भुगतान नहीं होने से धनरास गांव के ग्रामीणों में नाराजगी देखी गई। क्षतिपूर्ति राशि के वितरण में देरी से परेशान सैकड़ों ग्रामीणों, जिनमें महिलाएं भी शामिल थीं, ने शनिवार को तहसील कार्यालय के सामने प्रदर्शन कर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
दो महीने पहले दी गई थी राशि, फिर भी भुगतान नहीं
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि एनटीपीसी प्रबंधन ने एक वर्ष की क्षतिपूर्ति राशि दो महीने पहले ही राजस्व विभाग को सौंप दी थी, लेकिन यह राशि अब तक हितग्राहियों के खातों में नहीं पहुंची है। पहले यह धनराशि सीधे ग्राम पंचायत के खाते में जमा की जाती थी, जिससे सरपंच और पंचायत प्रतिनिधि इसे प्रभावितों में बांटते थे, लेकिन अब यह प्रक्रिया विभागीय स्तर पर अटक गई है।
ग्रामीणों ने दीपावली से पहले क्षतिपूर्ति राशि जारी करने की मांग की है। उनका कहना है कि त्योहार नजदीक है और भुगतान में देरी से कई परिवार आर्थिक तंगी का सामना कर रहे हैं।
राखड़ प्रदूषण से बढ़ी ग्रामीणों की परेशानी
ग्रामीणों ने बताया कि एनटीपीसी द्वारा डंप की जा रही राखड़ से प्रदूषण बढ़ रहा है, जिससे गांव में स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं बढ़ी हैं। इसी नुकसान की क्षतिपूर्ति के रूप में हर साल उन्हें 6 से 7 हजार रुपए की राशि दी जाती है, लेकिन इस बार अब तक भुगतान नहीं हुआ है।
प्रशासन ने दिया आश्वासन
इस मामले में कटघोरा एसडीएम तन्मय खन्ना ने बताया कि “धनरास के प्रभावित ग्रामीणों की राशि अब सीधे उनके बैंक खातों में भेजी जाएगी। 1100 से अधिक लाभार्थियों के बैंक विवरण एकत्र किए जा चुके हैं और सिस्टम एंट्री का कार्य जारी है। दीपावली से पहले सभी हितग्राहियों के खातों में क्षतिपूर्ति राशि जमा कर दी जाएगी।”

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
