October 20, 2026

बलौदा में दो युवकों की संदिग्ध मौत से मचा हड़कंप, ग्रामीणों ने अवैध शराब कारोबार पर कार्रवाई की मांग की

0
FB_IMG_1760860461100.jpg



महासमुंद । ज़िले के सरायपाली क्षेत्र के ग्राम बलौदा में दो युवकों की संदिग्ध मौत के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल व्याप्त है। ग्रामीणों ने बलौदा थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपकर गांव और आसपास फैले अवैध शराब कारोबार पर तत्काल रोक लगाने तथा दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है।

ग्रामीणों के अनुसार, बलौदा सहित आसपास के ग्राम छिबर्रा, कोटद्वारी, गेर्रा और सुकड़ा में लंबे समय से खुलेआम अवैध शराब की बिक्री हो रही है। बताया जा रहा है कि इसी जहरीली शराब के सेवन से अब तक कई लोगों की असमय मौत हो चुकी है। हाल ही में हुई दो युवकों की रहस्यमय मौत ने इस अवैध कारोबार की भयावहता को उजागर कर दिया है।

सूत्रों के अनुसार, जहरीली शराब के सेवन से कई लोग बीमार होकर अस्पतालों में भर्ती हैं। कुछ पीड़ितों की हालत गंभीर बताई जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि शराब बनाने वाले लोग यूरिया और अन्य रासायनिक पाउडर का उपयोग कर रहे हैं, जिससे यह शराब अत्यंत विषैली हो चुकी है। इसमें अल्कोहल की मात्रा का अंदाज़ा लगाना भी मुश्किल हो गया है।

ग्रामीणों ने बताया कि शराब और नशे की बढ़ती लत ने गांवों में पारिवारिक कलह, आर्थिक तंगी और सामाजिक पतन को जन्म दिया है। कई परिवार टूट चुके हैं और युवाओं में अपराध की प्रवृत्ति भी बढ़ रही है।

ग्रामीणों ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो यह समस्या और भी विकराल रूप धारण कर सकती है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि अवैध शराब के निर्माण और बिक्री में शामिल सभी व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि गांव में दोबारा शांति और सामाजिक सुधार का वातावरण स्थापित हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed