रायपुर के सर्राफा बाजार में दीपावली की रौनक, धनतेरस से दिवाली तक 500 करोड़ से अधिक का कारोबार संभावित
रायपुर । धनतेरस और दीपावली के अवसर पर राजधानी रायपुर का सर्राफा बाजार इन दिनों पूरी तरह गुलजार है। सोने और चांदी के बढ़ते दामों के बावजूद ग्राहकों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। बाजारों में लोगों की भीड़ लगातार बढ़ रही है, जिससे व्यापारियों के चेहरे पर भी रौनक लौट आई है।
सोने-चांदी के सिक्कों की जमकर खरीदारी
धनतेरस के शुभ अवसर पर लोगों ने पारंपरिक रूप से सोने और चांदी के सिक्के, लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां और बर्तन खरीदे। सर्राफा कारोबारी विजय भंसाली ने बताया कि “हिंदू धर्म में मान्यता है कि धनतेरस के दिन सोने और चांदी की खरीदी शुभ मानी जाती है, इसलिए बाजारों में उत्साह चरम पर है।”
भंसाली ने यह भी कहा कि इस बार लोग दिवाली और शादी के मौसम को ध्यान में रखते हुए लाइटवेट ज्वेलरी की खरीदी अधिक कर रहे हैं। चांदी की मूर्तियों और सिक्कों की मांग भी लगातार बढ़ रही है।
500 करोड़ तक पहुंचेगा कारोबार
रायपुर सर्राफा एसोसिएशन के अनुसार, धनतेरस से दिवाली तक प्रदेश में लगभग 500 करोड़ रुपये से अधिक का सर्राफा कारोबार होने का अनुमान है। दिवाली के बाद विवाह समारोहों का सीजन शुरू होने के कारण भी लोगों में खरीदी को लेकर जोश बना हुआ है।
जीएसटी रिफॉर्म्स से बाजार में दिखा सुधार
एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष हरख मालू ने बताया कि “इस बार जीएसटी सुधारों और बेहतर आर्थिक माहौल के कारण कारोबार में सकारात्मक रुझान देखने को मिला है। पिछले साल की तुलना में इस बार का कारोबार बेहतर है, हालांकि सोने और चांदी के दाम अभी भी ऊंचाई पर हैं।”
मांग में बना रहेगा उछाल
विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले दिनों में सोने और चांदी की कीमतों में और वृद्धि संभव है, जिससे ग्राहक अभी से निवेश के रूप में कीमती धातुओं की खरीदी कर रहे हैं।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
