बैंक लोन और दुकान दिलाने के नाम पर 6 लाख की ठगी, महिला आरोपी पर अपराध दर्ज
रायपुर । राजधानी रायपुर में एक महिला के साथ बड़ी ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि बैंक से कम ब्याज में मुद्रा लोन और दुकान दिलाने का झांसा देकर 6 लाख रुपए की ठगी की गई। पुलिस ने मामले में बीएनएस की धारा 318-4 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, यह मामला टिकरापारा थाना क्षेत्र का है। शिकायतकर्ता किरण जैसवार, निवासी रावतपुरा फेस-2 कॉलोनी, ने पुलिस को बताया कि वर्ष 2023 में उसकी पहचान खूशबू सोनी नामक महिला से हुई थी। उस समय किरण ने एक छोटी पेस्ट्री की दुकान खोली थी। बड़े स्तर पर व्यवसाय बढ़ाने की इच्छा से उसने भाठागांव बस स्टैंड के पास दुकान खोलने की योजना बनाई और इस संबंध में खूशबू से चर्चा की।
खूशबू ने भरोसा दिलाया कि वह एक सप्ताह में बैंक से मुद्रा लोन दिला देगी और साथ ही दुकान भी उपलब्ध करा देगी। इस भरोसे में आकर किरण जैसवार ने आईडीएफसी बैंक में खाता खुलवाया और अपने सभी चेकों पर हस्ताक्षर कर खूशबू को सौंप दिए।
लेकिन इसके बाद आरोपी महिला करीब एक साल तक लोन और दुकान दिलाने के नाम पर पीड़िता को इधर-उधर घुमाती रही। बार-बार पूछने पर वह अपने एक साथी के साथ बस स्टैंड स्थित 17 नंबर दुकान दिखाकर रजिस्ट्री कराने की बात कहती रही, मगर आज तक रजिस्ट्री नहीं हुई।
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी महिला ने मुद्रा लोन दिलाने के नाम पर कई बार उसे कोरे कागज पर वकील के माध्यम से हस्ताक्षर करवाए और इन्हीं दस्तावेजों के जरिए बैंक से 6 लाख रुपए की राशि निकाल ली।
फिलहाल पुलिस ने शिकायत पर अपराध दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। इस घटना से क्षेत्र में ठगी के बढ़ते मामलों को लेकर लोगों में चिंता देखी जा रही है।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
