October 19, 2026

मुर्शिदाबाद में सामूहिक दुष्कर्म का मामला, प्रेमी समेत तीन आरोपी गिरफ्तार

0
image_search_1759539737113.jpg

मुर्शिदाबाद । पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में नवरात्रि के पावन पर्व के बीच एक शर्मनाक घटना सामने आई है। बहरामपुर थाना क्षेत्र में दुर्गा प्रतिमा दर्शन कराने के बहाने युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया है। इस जघन्य अपराध में युवती के प्रेमी समेत तीन युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

सूत्रों के अनुसार, यह घटना नवमी की रात को हुई और शुक्रवार को मामला प्रकाश में आया। पीड़िता के परिजनों ने तत्काल बहरामपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तेजी दिखाते हुए उसी रात तीनों आरोपियों को हिरासत में लिया और अगले दिन उन्हें एसीजेएम कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

पुलिस के मुताबिक, युवती का एक युवक के साथ प्रेम संबंध था। इसी बहाने युवक ने फोन कर उसे प्रतिमा दर्शन के लिए बुलाया। युवती तीनों युवकों के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर इलाके की प्रतिमाएं देखने गई। लेकिन आरोप है कि बाद में तीनों आरोपी उसे भागीरथी नदी के किनारे स्थित एक ईंट-भट्ठे पर ले गए और वहां सामूहिक बलात्कार किया।

घटना का खुलासा तब हुआ जब ईंट-भट्ठे पर ट्रैक्टर लेकर पहुंचे ड्राइवरों ने लड़की को देखा। आरोपियों को देखकर वे वहां से भाग निकले। ड्राइवरों ने तत्काल लड़की को बचाया और पुलिस कैंप पहुंचाया। इसके बाद युवती का मेडिकल परीक्षण कराया गया, जिसमें दुष्कर्म की पुष्टि हुई।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ सख्त धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। घटना से क्षेत्र में आक्रोश और दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने इस घिनौनी हरकत की निंदा करते हुए दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed