सेमरिया और सेमरसल में वित्तीय समावेशन शिविर का सफल आयोजन, कई खातों की पुनः केवाईसी हुई
मुंगेली । वित्तीय समावेशन योजनाओं के प्रचार और लाभ सुनिश्चित करने के लिए आयोजित राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत भारतीय स्टेट बैंक द्वारा ग्राम पंचायत सेमरिया और सेमरसल, ब्लॉक लोरमी, जिला मुंगेली में वित्तीय समावेशन शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य प्रधानमंत्री जनधन योजना के अंतर्गत नए खाते खोलना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा एवं जीवन ज्योति बीमा कराना और निष्क्रिय तथा पुनः केवाईसी ड्यू खातों की पुनः केवाईसी करना था।
शिविर का दौरा क्षेत्रीय निदेशक, भारतीय रिज़र्व बैंक, रायपुर ने किया और प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने स्थानीय निवासियों, व्यापार प्रतिनिधियों और बैंक अधिकारियों से वित्तीय समावेशन से संबंधित विषयों पर चर्चा की। बकाया खातों के केवाईसी विवरणों के सत्यापन के महत्व पर जोर देते हुए, क्षेत्रीय निदेशक ने प्रतिभागियों को ऐसे खातों की पुनः केवाईसी पूरी करने के लिए शिविर का अधिकतम उपयोग करने हेतु प्रेरित किया, ताकि उन्हें बैंकिंग सेवाओं का लाभ निरंतर मिलता रहे।
शिविर के दौरान उपस्थित लोगों को भारतीय रिज़र्व बैंक की एकीकृत लोकपाल योजना 2021 और दावा न की गई जमाराशियों के बारे में जानकारी दी गई। इसके साथ ही डिजिटल धोखाधड़ी से बचाव के लिए अपनाई जाने वाली सावधानियों और अच्छी बैंकिंग आदतों के बारे में भी प्रतिभागियों को अवगत कराया गया।
सेमरिया और सेमरसल ग्राम तथा आसपास के क्षेत्रों के निवासियों ने शिविर में उत्साहपूर्वक भाग लिया। आम जनता द्वारा उठाए गए प्रश्नों का विधिवत समाधान किया गया। भारतीय स्टेट बैंक, छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, बैंक ऑफ इंडिया और बैंक ऑफ बड़ौदा के प्रतिनिधि और कियोस्क (BC) उपस्थित थे, जिन्होंने पुनः केवाईसी प्रक्रिया में सहयोग प्रदान किया।
क्षेत्रीय प्रबंधक, भारतीय स्टेट बैंक, क्षेत्रीय कार्यालय बिलासपुर ने ग्रामीणों को शिविर और खातों में पुनः केवाईसी करने की आवश्यकता और महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही क्षेत्रीय निदेशक, बैंक प्रतिनिधियों और ग्रामीणों को धन्यवाद ज्ञापित किया।
जिला प्रबंधक के अनुसार, सेमरिया शिविर में 156 और ग्राम पंचायत सेमरसल शिविर में 187 खातों की पुनः केवाईसी की गई। इस प्रकार, यह शिविर वित्तीय समावेशन के लक्ष्यों की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
