October 19, 2026

मुंबई: प्राइवेट स्कूल में 4 साल की बच्ची से यौन शोषण का मामला, महिला स्टाफ गिरफ्तार

0
image_search_1758186996056.jpg

मुंबई । मुंबई के गोरेगांव स्थित एक प्राइवेट स्कूल से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां 4 साल की मासूम बच्ची के साथ कथित यौन शोषण की वारदात हुई है। पुलिस ने इस मामले में स्कूल की 40 वर्षीय महिला सहायक स्टाफ सदस्य को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, घटना 15 सितम्बर की है। बच्ची जब स्कूल से घर लौटी और कपड़े बदल रही थी, तभी उसने निजी अंगों में दर्द की शिकायत की। मां को कुछ गड़बड़ी का आभास हुआ और बच्ची को तुरंत डॉक्टर के पास ले जाया गया। मेडिकल जांच में चोट की पुष्टि हुई।

पूछताछ में बच्ची ने बताया कि स्कूल की केयरटेकर उसे बाथरूम ले जाते समय अनुचित तरीके से छेड़छाड़ करती थी, जिसके चलते उसे चोट लगी।

बच्ची के माता-पिता ने तुरंत स्कूल प्रशासन को मामले की जानकारी दी और फिर गोरेगांव पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। मेडिकल रिपोर्ट और मां के बयान के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया।

आरोपी महिला के खिलाफ प्रोटेक्शन ऑफ चिल्ड्रन फ्रॉम सेक्शुअल ऑफेंस (POCSO) एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे 19 सितम्बर तक पुलिस कस्टडी में भेजा गया है।

पुलिस जांच में यह सामने आया कि आरोपी महिला पिछले दो साल से अधिक समय से स्कूल में कार्यरत थी। पुलिस ने स्कूल के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं और तीन अन्य महिला स्टाफ को भी पूछताछ के लिए बुलाया गया है।

इस घटना के बाद एक बार फिर स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। फिलहाल, मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस गहन जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed