मुंगेली पुलिस ने हत्या के प्रयास मामले में दो आरोपियों को किया गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजा।
मुंगेली । मुंगेली पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में थाना पथरिया पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
मामला थाना पथरिया के ग्राम पड़ियाईन का है। प्रार्थिया सविता रात्रे ने 12 सितम्बर को आवेदन देकर बताया था कि 10 सितम्बर को उसके ससुर चंदूलाल रात्रे को गांव के ही दिलहरण साहू और मिलाप उर्फ मिथुन साहू ने बिजली का काम कराने के लिए घर से बुलाया था। शाम को वे तीनों पथरिया के लिए निकले, लेकिन रात करीब 9 से 10 बजे के बीच सूचना मिली कि चंदूलाल रात्रे जरेली के पास घायल अवस्था में पड़े हैं। उन्हें एंबुलेंस से पथरिया अस्पताल लाया गया, जहाँ से जिला अस्पताल मुंगेली और फिर बिलासपुर आर.बी. अस्पताल रेफर किया गया।
चंदूलाल रात्रे के होश में आने के बाद पुलिस ने पूछताछ की। आहत ने बताया कि दिलहरण साहू और मिलाप उर्फ मिथुन साहू ने रास्ते में मिलकर डंडे से हमला किया और सिर पर प्राणघातक चोट पहुंचाई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर अपराध क्रमांक 193/2025 धारा 296, 115(2), 126(2), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध कायम किया। बाद में विवेचना में धारा 109(1) बीएनएस भी जोड़ी गई।
पुलिस ने आरोपियों दिलहरण साहू (61 वर्ष) और मिलाप उर्फ मिथुन साहू (39 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल और एक बांस का डंडा जब्त किया गया।
इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा और अनुविभागीय अधिकारी नवनीत पाटिल के मार्गदर्शन में थाना पथरिया की टीम ने सक्रिय भूमिका निभाई। टीम में थाना प्रभारी प्रसाद सिन्हा, उपनिरीक्षक लक्ष्मण खूंटे, आरक्षक मिथलेश सोनवानी, बालकृष्ण मरकाम, स्वारथ ध्रुव और कृष्णा नंद साहू शामिल रहे।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
