60 करोड़ की धोखाधड़ी मामले में शिल्पा शेट्टी और राज कुंद्रा पर जांच तेज, पुलिस पूछताछ में बुलाया गया
मुंबई । 60 करोड़ रुपए की कथित धोखाधड़ी के एक गंभीर मामले में अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी और उनके पति राज कुंद्रा पर आर्थिक अपराध शाखा (EOW) ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इस मामले में मुंबई पुलिस ने राज कुंद्रा को पूछताछ के लिए समन भेजा था, जिसके बाद उनसे बयान दर्ज किया गया। पुलिस ने संकेत दिए हैं कि उन्हें अगले सप्ताह फिर से पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा।
आर्थिक अपराध शाखा की जांच कारोबारी दीपक कोठारी की शिकायत पर आधारित है। उनका आरोप है कि शिल्पा शेट्टी और राज कुंद्रा ने मिलकर उन्हें 60 करोड़ रुपए का नुकसान पहुंचाया। कोठारी का कहना है कि 2015 से 2023 के बीच उन्होंने राज कुंद्रा को बिजनेस एक्सपेंशन के नाम पर भारी निवेश किया था, लेकिन बाद में सामने आया कि यह राशि व्यापार में न लगाकर निजी खर्चों में इस्तेमाल की गई। शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
इस बीच शिल्पा शेट्टी को लेकर एक और चर्चा ने जोर पकड़ लिया। खबर फैली कि बांद्रा स्थित उनका रेस्त्रां ‘बैस्टियन’ बंद होने जा रहा है। सोशल मीडिया पर अफवाह फैलने के बाद शिल्पा शेट्टी ने तत्काल सफाई दी और स्पष्ट किया कि,
“नहीं, मैं बैस्टियन को बंद नहीं कर रही हूं। यह केवल अफवाहें हैं।”
उन्होंने आगे बताया कि वह बैस्टियन के जरिए दो नए रेस्त्रां लॉन्च करने वाली हैं। इनमें से एक का नाम ‘अम्माकाई’ होगा, जिसमें शुद्ध दक्षिण भारतीय मैंगलोरियन भोजन मिलेगा, जबकि दूसरा ‘बैस्टियन बीच क्लब’ जूहू में खुलेगा। शिल्पा शेट्टी ने कहा कि इन नए रेस्त्रां का उद्देश्य लोगों को नए फ्लेवर्स और अनुभव देना है।
एक ओर जहां आर्थिक अपराध शाखा की कार्रवाई से यह मामला सुर्खियों में है, वहीं शिल्पा शेट्टी के रेस्त्रां से जुड़ी अफवाहों और उनके नए प्रोजेक्ट्स ने भी लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा है।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
