October 19, 2026

फर्जी तस्वीरों और वीडियो पर अभिषेक-ऐश्वर्या ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया, डिजिटल प्लेटफॉर्म पर रोक की मांग

0
image_search_1757557515614.jpg

नई दिल्ली । ऐश्वर्या राय ने हाल ही में अपने व्यक्तित्व अधिकारों की सुरक्षा के लिए दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। अब उनके पति और अभिनेता अभिषेक बच्चन ने भी इसी सिलसिले में अदालत का दरवाजा खटखटाया है।

याचिका में आरोप लगाया गया है कि कई वेबसाइटें उनके नाम, तस्वीर और पहचान का उनकी अनुमति के बिना इस्तेमाल कर रही हैं। इनका उपयोग फर्जी विज्ञापनों और आपत्तिजनक सामग्री के लिए किया जा रहा है। इसके जरिए लोगों को गुमराह भी किया जा रहा है।

अभिषेक और ऐश्वर्या की ओर से दायर याचिका में साफ किया गया है कि उनके नाम, तस्वीर, आवाज या पहचान का बिना अनुमति किसी भी तरह से व्यावसायिक इस्तेमाल तुरंत रोका जाए। इंटरनेट पर मौजूद ऐसे सभी लिंक हटाने की मांग की गई है, जहां उनकी फर्जी तस्वीरें, वीडियो और आवाज का उपयोग हो रहा है।

दोनों ने कोर्ट से यूट्यूब और गूगल को भी निर्देश देने की अपील की है कि इस तरह के कंटेंट को ब्लॉक किया जाए। अभिषेक का कहना है कि कई डिजिटल प्लेटफॉर्म और कंपनियां उनकी तस्वीर और नाम का गलत उपयोग कर रही हैं।

खास तौर पर एआई (Artificial Intelligence) के माध्यम से बनाए गए फर्जी वीडियो और अश्लील सामग्री के खिलाफ अभिषेक ने कड़ा ऐक्शन लेने की मांग की है। इस मामले में उनके वकील अमित नाइक ने कहा कि यह समय की मांग है और सितारों के साथ हो रहे डिजिटल दुरुपयोग को रोकना बेहद जरूरी है।

इससे पहले अनिल कपूर और जैकी श्रॉफ जैसे कलाकार भी अपने व्यक्तित्व अधिकारों की सुरक्षा के लिए कोर्ट का दरवाजा खटखटा चुके हैं। वहीं, अभिषेक के पिता और महानायक अमिताभ बच्चन के नाम, छवि और आवाज के उपयोग पर दिल्ली हाईकोर्ट पहले ही रोक लगा चुका है। इस मामले की अगली सुनवाई 15 जनवरी, 2026 को होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed