October 19, 2026

सऊदी अरब में फायरिंग की चपेट में आया झारखंड का युवक, विजय महतो की मौत — जल्द भारत लाया जाएगा शव

0
2951011120250744535.webp

नई दिल्ली ।  झारखंड के गिरिडीह जिले के डुमरी प्रखंड निवासी 26 वर्षीय विजय कुमार महतो की सऊदी अरब में हुई क्रॉस फायरिंग में मौत के बाद अब उनका शव भारत लाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। झारखंड सरकार के श्रम विभाग ने इस दिशा में कदम बढ़ाते हुए जेद्दा स्थित भारतीय दूतावास से संपर्क साधा है।

घटना 16 अक्टूबर को जेद्दा में हुई थी, जहां पुलिस और एक जबरन वसूली करने वाले गिरोह (Extortion Gang) के बीच मुठभेड़ में विजय महतो की गोली लगने से मौके पर ही मौत हो गई थी। बताया गया है कि विजय पिछले नौ महीने से सऊदी अरब की एक निजी कंपनी में कार्यरत थे।

श्रम विभाग के माइग्रेंट कंट्रोल सेल की प्रभारी अधिकारी शिखा लाकड़ा ने बताया कि गिरिडीह से सूचना मिलते ही विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए भारतीय दूतावास से संपर्क किया है। उन्होंने कहा कि “जेद्दा पुलिस से औपचारिकताएं पूरी करने की प्रक्रिया जारी है, ताकि विजय का शव जल्द से जल्द उनके पैतृक गांव पहुंचाया जा सके।”

सामाजिक कार्यकर्ता सिकंदर अली ने बताया कि फायरिंग के दिन विजय ने अपनी पत्नी बसंती देवी को व्हाट्सऐप पर आखिरी संदेश भेजा था— जिसमें लिखा था कि वह फायरिंग में फंस गए हैं और घायल हैं। परिजनों ने पहले इसे मामूली समझा, लेकिन बाद में 24 अक्टूबर को कंपनी की ओर से सूचना मिली कि विजय की मृत्यु हो चुकी है।

विजय महतो के पैतृक गांव दुधपनिया, मध गोपाली पंचायत (डुमरी प्रखंड) में घटना की जानकारी मिलते ही शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों और परिवारजन ने सरकार से मांग की है कि विजय का शव जल्द भारत लाया जाए और परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए।

सरकार की ओर से आश्वासन दिया गया है कि सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर शव को जल्द से जल्द स्वदेश लाने की कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed