October 19, 2026

रायपुर में सड़क सुरक्षा को नई रफ्तार, ‘सड़क सुरक्षा मित्र’ कार्यक्रम होगा तेज़

0
IMG-20250910-WA0871.jpg

रायपुर में सड़क सुरक्षा को लेकर ज़िला प्रशासन ने एक अहम कदम बढ़ाया है। रेड क्रॉस हॉल में आयोजित जिला सड़क सुरक्षा समिति (DRSC) की बैठक में कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह की अध्यक्षता में निर्णय लिया गया कि सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय (MoRTH) तथा माय भारत, युवा कार्य एवं खेल मंत्रालय (MoYAS) के संयुक्त ‘सड़क सुरक्षा मित्र’ कार्यक्रम का ज़िले में तेज़ी से क्रियान्वयन किया जाएगा।

बैठक में उप निदेशक, माय भारत अर्पित तिवारी ने बताया कि इस पहल के तहत युवा स्वयंसेवकों को माय भारत प्लेटफ़ॉर्म से जोड़कर तीन माह की ‘अनुभवाधारित अधिगम (ELP)’ अवधि में नामांकित किया जाएगा। इस दौरान वे ट्रैफिक पुलिस और आरटीओ के साथ फील्ड में कार्य कर अनुभव प्राप्त करेंगे तथा प्रगति रिपोर्ट DRSC को सौंपी जाएगी। स्वयंसेवकों को दुर्घटनास्थल पर भीड़ प्रबंधन, ग्रीन कॉरिडोर सहयोग, रोड सेफ्टी ऑडिट, ब्लैकस्पॉट सुधार तथा स्कूल–कॉलेज व समुदाय स्तर पर जागरूकता और फर्स्ट रिस्पॉन्स सत्र आयोजित करने का प्रशिक्षण दिया जाएगा।

कलेक्टर डॉ. सिंह ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं से होने वाली मृत्यु-दरों में ठोस कमी लाने के लिए नई पहलों को अपनाना ज़रूरी है। उन्होंने आरटीओ, पुलिस और समिति के सभी सदस्यों से पूर्ण सहयोग का आग्रह किया ताकि रायपुर से राष्ट्रीय स्तर की ‘बेस्ट केस स्टडीज़’ सामने आ सकें। बैठक में एनआईटी रायपुर को ज्ञान सहयोगी के रूप में सह-नामित करने का प्रस्ताव भी सर्वसम्मति से पारित किया गया।

बताया गया कि स्वयंसेवकों का प्रशिक्षण सेवलाइफ़ फ़ाउंडेशन और आईआईटी मद्रास (CoERS) के सहयोग से कराया जाएगा। इच्छुक युवा माय भारत प्लेटफ़ॉर्म के ज़रिये इस अनुभव आधारित पहल से जुड़ सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed