रायपुर पुलिस की बड़ी सफलता : नकली सोना देकर असली सोना ठगने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह की मां-बेटे की जोड़ी गिरफ्तार
रायपुर। राजधानी रायपुर पुलिस ने ठगी की बड़ी वारदात का खुलासा करते हुए एक अंतर्राज्यीय ठग गिरोह की मां-बेटे की जोड़ी को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों ने नकली सोने का ब्रेसलेट देकर ज्वेलर्स से लाखों रुपये कीमत का असली सोना ठग लिया था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोना-चांदी के आभूषण, नगदी रकम और कार जप्त की है। जब्त मशरूका की कुल कीमत लगभग 8 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है।
सदर बाजार के ज्वेलर्स बने शिकार
प्रार्थी शालीभद्र धाड़ीवाल, संचालक धाड़ीवाल ज्वेलर्स, सदर बाजार ने थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 09 सितंबर की शाम करीब 6 बजे एक महिला उसकी दुकान पर पहुंची और सोने का ब्रेसलेट रिपेयर कराने की बात कही। ब्रेसलेट रिपेयर न होने पर महिला ने बदले में नया सोने का चैन मांगा। प्रार्थी ने ब्रेसलेट तौलकर महिला को 13.880 ग्राम वजन का सोने का चैन कीमत 1,68,000 रुपये देकर ब्रेसलेट ले लिया। बाद में जांच में ब्रेसलेट नकली निकला और महिला दुकान से फरार हो गई।
बिलासपुर में भी की ठगी
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपियों ने जिला बिलासपुर के सदर बाजार स्थित अजय ज्वेलर्स में भी उसी दिन इसी तरह की ठगी की थी।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
घटना को गंभीरता से लेते हुए डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने तत्काल जांच के आदेश दिए।
एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने घटना स्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज में महिला के साथ एक पुरुष और उनकी वेगनआर कार दिखी। टीम ने आरोपियों की घेराबंदी कर दोनों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपी
1. सविता सिंह उर्फ सपना उर्फ सप्पो (43 वर्ष), निवासी रेलवे रोड, मेहता होटल वाली गली, थाना अतरपुरा, जिला हापुड़ (उ.प्र.)
2. इशांत उर्फ अनुज वर्मा (23 वर्ष), पुत्र सविता सिंह, वही पता, जिला हापुड़ (उ.प्र.)
दोनों मां-बेटे मूल रूप से गाजियाबाद (उ.प्र.) के निवासी हैं और अंतर्राज्यीय स्तर पर ठगी की घटनाओं को अंजाम देते रहे हैं।
बरामद सामान
01 सोने का ब्रेसलेट
01 सोने का चैन
नगदी रकम ₹82,170/-
वेगनआर कार क्रमांक UP-37-AA-1328
मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 188/25, धारा 318(4), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक का संदेश
पुलिस अधीक्षक ने ज्वेलरी व्यापारियों और आम जनता से अपील की है कि इस तरह की धोखाधड़ी से सतर्क रहें। किसी भी संदेहास्पद व्यक्ति की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
