October 19, 2026

पुलिस का “पहल” अभियान : जरहागांव में हुआ जागरूकता कार्यक्रम, साइबर अपराध से लेकर नशामुक्ति तक दी गई जानकारी

0
IMG-20250821-WA0642.jpg

मुंगेली। समाज के बीच पुलिस की सकारात्मक पहल को मजबूत करने और आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से मुंगेली पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन में पुलिस विभाग द्वारा संचालित विशेष अभियान “पहल” के तहत बुधवार 20 अगस्त को मंगल भवन गांधी मैदान, जरहागांव में एक भव्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

मंगल आरती से हुई शुरुआत

कार्यक्रम की शुरुआत मंगल आरती के साथ हुई। उपस्थित अतिथियों और नागरिकों ने सामूहिक रूप से क्षेत्र की सुख-शांति, समृद्धि और आपसी सद्भाव की कामना की। इस दौरान वातावरण धार्मिक और सामाजिक समरसता से परिपूर्ण दिखाई दिया।

101 पौधों का हुआ वितरण

कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया। जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पाण्डेय एवं उपाध्यक्ष प्रतिनिधि देवचरण भास्कर सहित अन्य अतिथियों ने समी के 101 पौधे गौसेवकों और क्षेत्रवासियों को वितरित किए। इस पहल का उद्देश्य लोगों को हरियाली बढ़ाने और पर्यावरण को सुरक्षित रखने के लिए प्रेरित करना था।

जागरूकता पर रहा जोर

पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि आज समाज के सामने कई तरह की चुनौतियाँ हैं, जिनसे निपटने के लिए जनता को जागरूक रहना बेहद जरूरी है।

साइबर अपराध : उन्होंने विस्तार से बताया कि किस तरह ठग सोशल मीडिया और मोबाइल फोन के जरिए भोले-भाले लोगों को अपना शिकार बनाते हैं। एटीएम, ओटीपी, लिंक या फर्जी कॉल से बचने के लिए सावधानी बरतने की अपील की।

यातायात नियम : उन्होंने हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने और तेज गति से वाहन न चलाने की समझाइश दी। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में अधिकांश मौतें लापरवाही के कारण होती हैं।

नशामुक्ति : पुलिस अधीक्षक ने युवाओं से अपील की कि नशा व्यक्ति और परिवार दोनों को बर्बादी की ओर धकेल देता है। उन्होंने इसे समाज की सबसे बड़ी समस्या बताते हुए नशे से पूरी तरह दूरी बनाने का संदेश दिया।

बच्चों व महिलाओं से संबंधित अपराध : उन्होंने बताया कि ऐसे मामलों में तुरंत पुलिस को सूचना देना चाहिए। साथ ही सोशल मीडिया पर बच्चों की फोटो व व्यक्तिगत जानकारी साझा करने से बचने की सलाह दी।

गौसेवा की सराहना

पुलिस अधीक्षक ने गौसेवक मित्रों की सेवा भावना की सराहना करते हुए कहा कि गौमाता के संरक्षण और उनके उचित रखरखाव में समाज की भूमिका अहम है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से मिलकर गौमाता की सेवा और देखभाल करने का आग्रह किया।

जनप्रतिनिधियों का संबोधन

जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पाण्डेय ने अपने उद्बोधन में कहा कि पुलिस का “पहल” अभियान समाज को नई दिशा देने वाला है। उन्होंने कहा कि लोग नशे से दूरी बनाए रखें, साइबर ठगी से सतर्क रहें और सोशल मीडिया का इस्तेमाल पूरी सावधानी से करें। साथ ही उन्होंने जिलेवासियों के सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।
उपाध्यक्ष प्रतिनिधि देवचरण भास्कर ने भी कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन से समाज में जागरूकता का स्तर बढ़ता है।

बड़ी संख्या में रही उपस्थिति

कार्यक्रम में उप पुलिस अधीक्षक जरहागांव सालिकराम धृतलहरे, थाना प्रभारी नंदलाल पैकरा, पुलिस बालमित्र रोशना डेविड, पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, गौसेवक पदाधिकारी, सदस्य और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उत्साहपूर्वक शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed