पहल” अभियान पहुँचा त्रिमूर्ति विद्यालय सरगांव: पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने बच्चों को मां को ‘सच्चा मित्र’ मानने की दी सीख
मुंगेली। पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के दिशा-निर्देशन में संचालित “पहल अभियान” के अंतर्गत सरगांव के त्रिमूर्ति पब्लिक आवासीय विद्यालय में गुरुवार को विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें जीवन मूल्यों, आत्मविश्वास, अपराधों से बचाव, नशामुक्ति और साइबर सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विद्यार्थियों को प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल, सीईओ जिला पंचायत प्रभाकर पांडे, तहसीलदार अतुल वैष्णव, नायब तहसीलदार लीलाधर क्षत्रिय, विद्यालय एमडी राजेश त्रिवेदी, एजुकेशन डायरेक्टर शैलजा स्वामी, थाना प्रभारी सरगांव संतोष शर्मा व पथरिया थाना प्रभारी रघुवीर चंद्रा विशेष रूप से मौजूद रहे।
एसपी श्री पटेल ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि— “हर बच्चे को अपने जीवन में माँ को सबसे अच्छा मित्र बनाना चाहिए। माँ कभी भी गलत राह नहीं दिखाती, बल्कि सही दिशा देती है। आत्मविश्वास और शिक्षा से ही जीवन में सफलता संभव है।”
सीईओ श्री पांडे ने अपने बचपन की शरारतें साझा करते हुए कहा कि— “गलतियों से सीखकर हम एक बेहतर इंसान बन सकते हैं।”
कार्यक्रम में पुलिस अधिकारी शत्रुहन खूंटे, बबीता श्रीवास, और पुलिस बाल मित्र रोशना डेविड (उड़ान जीएस सोसायटी, महासमुंद) ने साइबर अपराध, यातायात नियम, नशामुक्ति और पॉक्सो एक्ट जैसे विषयों पर जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को जागरूक किया कि वे सतर्क रहें, अपने लक्ष्यों पर ध्यान दें और अपराधों से दूर रहकर अपने भविष्य को उज्ज्वल बनाएं।
इस अवसर पर 9 विद्यालयों के लगभग 800 विद्यार्थी और 70 शिक्षक उपस्थित रहे। अंत में नुक्कड़ नाटक और ड्राइंग-पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम के समापन पर एजुकेशन डायरेक्टर शैलजा स्वामी ने सभी अतिथियों, पुलिस विभाग और शिक्षकों का आभार प्रकट किया।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
