सरकंडा पुलिस की त्वरित कार्रवाई : दो अलग-अलग मोबाइल चोरी के मामले सुलझाए, दो नाबालिग आरोपी गिरफ्तार
सीसीटीवी फुटेज से मिली सुराग, दोनों से ₹50 हजार कीमत के दो मोबाइल बरामद
बिलासपुर | सरकंडा थाना क्षेत्र में एक ही रात दो घरों में मोबाइल चोरी की वारदातों का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। दोनों मामलों में दो नाबालिग लड़कों को गिरफ्तार कर उनके पास से दो महंगे मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं, जिनकी कुल कीमत करीब ₹50,000 आंकी गई है। पुलिस ने दोनों बालकों को किशोर न्यायालय में पेश किया है।
पहला मामला – बंद कमरे से मोबाइल गायब
प्रार्थिया सुनीता मानिकपुरी (27 वर्ष), निवासी सूर्या विहार ने 5 अगस्त को रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसने रात करीब 11 बजे मोबाइल को बेडरूम की रैक में रखकर कमरा अंदर से बंद कर लिया था। रात करीब 3:45 बजे उठने पर देखा कि दरवाजा खुला था और रैक से ₹19,999 कीमत का वीवो मोबाइल गायब था। CCTV कैमरे की जांच में एक संदिग्ध युवक नजर आया।
इस पर सरकंडा थाना में अपराध क्रमांक 1055/2025, धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
दूसरा मामला – सिरहाने से मोबाइल चोरी
इसी रात सुरेन्द्र देवांगन (27 वर्ष), निवासी बसंत विहार ने रिपोर्ट दी कि वह मोबाइल को सिरहाने रखकर सोया था। सुबह उठने पर मोबाइल गायब मिला। करीब ₹30,000 कीमत का वीवो मोबाइल चोरी हुआ। इस पर अपराध क्रमांक 1056/2025, धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
नाबालिगों को मोबाइल चलाते पकड़ा
पुलिस टीम ने CCTV फुटेज खंगाले और संदिग्धों की तलाश शुरू की। इसी दौरान सूचना मिली कि प्रभात चौक के पास दो नाबालिग लड़के महंगे मोबाइल चला रहे हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेन्द्र जायसवाल, और सीएसपी सिद्धार्थ बघेल के मार्गदर्शन में, थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पांडे के नेतृत्व में टीम ने रेड कर दोनों नाबालिगों को पकड़ा।
पूछताछ में दोनों ने दोनों अलग-अलग घरों में घुसकर मोबाइल चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने दोनों मोबाइल फोन बरामद कर लिए और नाबालिगों को किशोर न्यायालय में प्रस्तुत कर दिया।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
