गांजा बिक्री करते दो गिरफ्तार, 3 किलो 740 ग्राम मादक पदार्थ बरामद
सरकंडा पुलिस की कार्रवाई, महिला आरोपी और उसका साथी गिरफ्तार, मुख्य सप्लायर फरार
बिलासपुर | सरकंडा पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चिंगराजपारा क्षेत्र से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से कुल 3 किलो 740 ग्राम गांजा और नगद राशि बरामद की गई है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 56,250 रुपये बताई गई है।
मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
दिनांक 5 अगस्त को पुलिस को सूचना मिली थी कि काली मंदिर चिंगराजपारा क्षेत्र में एक युवक और महिला गांजा बिक्री में लिप्त हैं। सूचना पर तत्काल वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेन्द्र जायसवाल एवं नगर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ बघेल के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पांडे के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर दबिश दी गई।
गिरफ्तार आरोपी
1. राजेन्द्र साहू पिता राजकुमार साहू (20 वर्ष), निवासी चिंगराजपारा, सरकंडा
2. संध्या सिंह ठाकुर पति सतीश सिंह ठाकुर (29 वर्ष), निवासी सूर्या चौक, चिंगराजपारा
इन दोनों को मौके पर पकड़कर उनकी तलाशी ली गई, जिसमें राजेन्द्र साहू के पास से 1 किलो 150 ग्राम गांजा एवं ₹1600 नगद, और संध्या सिंह ठाकुर के पास से 2 किलो 590 ग्राम गांजा एवं ₹4650 नगद बरामद हुए।
मुख्य सप्लायर फरार
पूछताछ में खुलासा हुआ कि महिला आरोपी को गांजा उसका पति सतीश सिंह ठाकुर उर्फ धन्नू उपलब्ध करवाता था, जो फिलहाल फरार है। उसकी तलाश की जा रही है।
कानूनी कार्रवाई जारी
एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। बरामद गांजा और नकदी को विधिवत ज़ब्त किया गया है। पुलिस का कहना है कि अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध सख्त अभियान जारी रहेगा।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
